- क्रिकेट न्यूज़
- News
- FIFA World Cup 2026 Ten-man USA overcome Bosnia to set up last-16 date with Belgium
Fifa World Cup 2026: बोस्निया और हर्जेगोविना को हराकर अमेरिका ने बनाई अंतिम-16 में जगह
फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में किसी यूरोपीय टीम के खिलाफ अमेरिका की महज दूसरी जीत है. इसके साथ ही टीम ने यूरोपीय देशों के खिलाफ चले आ रहे 12 मैचों के हार के सिलसिला को भी खत्म कर दिया है.
Published On Jul 02, 2026, 02:54 PM IST
Last UpdatedJul 02, 2026, 02:54 PM IST
USA Football team win
Fifa World Cup 2026: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के राउंड ऑफ 32 मुकाबले में सह-मेजबान अमेरिका ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बोस्निया और हर्जेगोविना को 2-0 से हराया. सैन फ्रांसिस्को बे एरिया स्टेडियम में मिली इस जीत के साथ ही अमेरिका ने अंतिम-16 में अपनी जगह बना ली है.
मैच की शुरुआत से ही अमेरिका ने आक्रामक खेल दिखाया और गेंद पर अपना नियंत्रण बनाए रखा. टीम की ओर से फोलारिन बालोगुन ने शानदार गोल दागा, लेकिन ऑफसाइड होने की वजह से उनके इस गोल को अमान्य करार दे दिया गया. हालांकि, पहले हाफ के इंजरी टाइम में बालोगुन ने एक बार फिर मौका बनाया. मलिक टिलमैन के शानदार पास पर उन्होंने डिफेंडरों को छकाते हुए गेंद को गोलकीपर निकोला वासिलज के नीचे से नेट में पहुंचाकर अमेरिका को 1-0 की बढ़त दिलाई.

आधे घंटे तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेली अमेरिका की टीम
पहले हाफ के अतिरिक्त समय में बालोगुन दूसरा गोल करने के भी करीब पहुंचे, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार से टकरा गया. दूसरे हाफ में बोस्निया और हर्जेगोविना ने वापसी की कोशिश की. 64वें मिनट में अमेरिका को बड़ा झटका लगा, जब वीएआर की मदद से समीक्षा के बाद बालोगुन को रेड कार्ड दिखा दिया गया, इसके बाद अमेरिका को लगभग आधे घंटे तक 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने के लिए मजबूर होना पड़ा. एक खिलाड़ी कम होने के बावजूद अमेरिका ने शानदार संयम दिखाया और विरोधी टीम को बराबरी का कोई मौका नहीं दिया.
मैच के अंतिम चरण में मलिक टिलमैन ने फ्री-किक पर बेहतरीन गोल कर टीम की बढ़त 2-0 कर दी. इससे पहले, क्रिश्चियन पुलिसिक का एक गोल ऑफसाइड के कारण रद्द हो गया था.
Fifa World Cup 2026: हैरी केन ने दागे दो गोल, इंग्लैंड ने डीआर कांगो को 2-1 से हराया
बेल्जियम से भिड़ेगी अमेरिका की टीम
यह फीफा वर्ल्ड कप के नॉकआउट चरण में किसी यूरोपीय टीम के खिलाफ अमेरिका की महज दूसरी जीत है. इसके साथ ही टीम ने यूरोपीय देशों के खिलाफ चले आ रहे 12 मैचों के हार के सिलसिला को भी खत्म कर दिया है. पिछले चार वर्ल्ड कप में यह चौथी बार है, जब अमेरिका अंतिम-16 तक पहुंचा है. अब मुख्य कोच मौरिसियो पोचेटिनो की टीम 7 जुलाई को राउंड ऑफ 16 मुकाबले में सिएटल स्टेडियम में बेल्जियम से भिड़ेगी. अगर अमेरिका यह मुकाबला जीतता है तो वह 2002 के बाद पहली बार और आधुनिक दौर में सिर्फ दूसरी बार वर्ल्ड कप के क्वार्टर फाइनल में जगह बनाने में सफल होगा.