- क्रिकेट न्यूज़
- News
- FIFA World Cup 2026 Vinicius Junior scores but Brazil share the spoils with Morocco in New York
Fifa World Cup: विनीसियस ने बचाई ब्राजील की लाज, मोरक्को के खिलाफ मुकाबला 1-1 से ड्रॉ
यह पहला मौका रहा, जब विनीसियस जूनियर के गोल के बावजूद ब्राजील मैच को अपने नाम करने में सफल नहीं हो सका. इससे पहले उन सभी 8 मुकाबलों में ब्राजील ने जीत दर्ज की थी, जिसमें विनीसियस ने गोल दागा था
Published On Jun 14, 2026, 12:27 PM IST
Last UpdatedJun 14, 2026, 12:27 PM IST
Brazil Football Team
फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप सी में ब्राजील और मोरक्को के बीच खेला गया रोमांचक मुकाबला 1-1 से ड्रॉ रहा. दोनों ही टीमों ने मुकाबले में शानदार खेल दिखाया और अंत तक जबरदस्त रोमांच देखने को मिला.
पांच बार की विश्व चैंपियन ब्राजील को इस मैच में मोरक्को से कड़ी चुनौती मिली. मैच की शुरुआत से ही ब्राजील और मोरक्को ने आक्रामक खेल दिखाया, हालांकि मैच के 21वें मिनट में मोरक्को के हाथ पहली सफलता लगी. ब्राहिम डियाज के शानदार थ्रू बॉल ने ब्राजील के डिफेंस को भेदने में अहम भूमिका निभाई. इस पास पर इस्माइल साइबारी तेजी से आगे बढ़े और उन्होंने गोलकीपर एलिसन को छकाते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया, पहले हाफ में ही मिली सफलता से मोरक्को का आत्मविश्वास बढ़ गया और टीम ने अपना आक्रामक खेल लगातार जारी रखा.
पहले हाफ में 1-1 रहा स्कोर
हालांकि, ब्राजील ने मोरक्को की इस बढ़त को ज्यादा देर बरकरार नहीं रहने दिया. मैच के 32वें मिनट में ब्राजील ने स्कोर को 1-1 से बराबर कर दिया. ब्रूनो गिमारेस के बेहतरीन पास पर विनीसियस जूनियर ने अपनी स्किल का शानदार इस्तेमाल करते हुए गोल किया. उन्होंने बाएं फ्लैंक से गेंद को प्राप्त करने के बाद अंदर की तरफ कट लगाया और दाएं पैर से जबरदस्त शॉट लगाते हुए गेंद को गोल पोस्ट में पहुंचा दिया. विनीसियस के गोल से स्कोर 1-1 से बराबर हो गया.
हाफ टाइम से पहले ब्राजील के पास बढ़त लेने का एक और मौका था, लेकिन लुकास पैक्वेटा का शानदार प्रयास बौनू ने शानदार बचाव करके रोक दिया. दूसरे हाफ में भी बौनू ने कई महत्वपूर्ण बचाव किए और मोरक्को को मैच में बनाए रखा. दोनों टीमों की तरफ से गोल करने के कई प्रयास किए गए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता हाथ नहीं लग सकी.
विनीसियस जूनियर के गोल के बावजूद मैच ड्रॉ पर खत्म
ब्राजील के कोच कार्लो एंसेलोटी ने अंत में कुछ खिलाड़ियों को सब्स्टीट्यूट करके मैदान पर उतारा पर इसका भी कोई फायदा नहीं मिल सका. यह पहला मौका रहा, जब विनीसियस जूनियर के गोल के बावजूद ब्राजील मैच को अपने नाम करने में सफल नहीं हो सका. इससे पहले उन सभी 8 मुकाबलों में ब्राजील ने जीत दर्ज की थी, जिसमें विनीसियस ने गोल दागा था.
मैच के बाद ब्राजील के मुख्य कोच कार्लो एंसेलोटी ने कहा कि उनकी टीम ने अच्छी शुरुआत नहीं की और पहले हाफ में काफी संघर्ष करना पड़ा. उन्होंने माना कि मोरक्को एक मजबूत टीम है और दूसरे हाफ में उनकी टीम ने बेहतर खेल दिखाया. एंसेलोटी ने कहा कि वह इस प्रदर्शन से पूरी तरह संतुष्ट नहीं हैं, लेकिन अब उनका ध्यान अगले मैच पर है