वर्ल्ड कप से बाहर होते ही साउथ कोरियाई फुटबॉल में भूचाल! हेड कोच होंग म्युंगबो ने अचानक छोड़ा पद

Hong Myung-bo resigns : फीफा विश्व कप 2026 से बाहर होने के बाद साउथ कोरिया के हेड कोच होंग म्युंगबो ने अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया है.

Edited By : Bhaskar Tiwari |Jun 29, 2026, 04:19 PM IST

Published On Jun 29, 2026, 04:19 PM IST

Last UpdatedJun 29, 2026, 04:19 PM IST

फीफा विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज से बाहर होने के बाद साउथ कोरिया के हेड कोच होंग म्युंगबो ने अपने पद से अचानक इस्तीफा दे दिया है. साउथ कोरिया ने टूर्नामेंट की शुरुआत शानदार अंदाज में की थी. टीम ने अपने पहले मुकाबले में चेकिया को 2-1 से हराया था. हालांकि, इसके बाद टीम को मेक्सिको और साउथ अफ्रीका के खिलाफ लगातार 1-0 से हार का सामना करना पड़ा. इन 2 हार के साथ ही टीम की राह बेहद मुश्किल हो गई. तीसरे स्थान पर रहने के बावजूद वह सर्वश्रेष्ठ तीसरे स्थान वाली 8 टीमों में भी जगह नहीं बना सकी और टूर्नामेंट से बाहर हो गई.

हेड कोच पद से अचानक दिया इस्तीफा

साउथ कोरिया 57 वर्षीय होंग म्युंगबो ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि वह टीम की असफलता की पूरी जिम्मेदारी लेते हैं. उन्होंने देश के फुटबॉल प्रशंसकों से माफी मांगते हुए कहा कि वह नेशनल टीम के मुख्य कोच का पद छोड़ रहे हैं. होंग ने कहा कि मैं उन सभी कोरियाई लोगों से दिल से माफी मांगता हूं. जिन्होंने हमारी नेशनल टीम का हमेशा समर्थन किया. मैंने यह जिम्मेदारी पूरी ईमानदारी से निभाने की कोशिश की. लेकिन मैं वह नतीजा नहीं दे सका जिसकी लोगों को उम्मीद थी. इसी वजह से मैं अपने पद से इस्तीफा दे रहा हूं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

उन्होंने कहा कि हेड कोच के रूप में अंतिम नतीजा ही सबसे अहम होता है और वह इसमें सफल नहीं रहे. उन्होंने अपने कोचिंग स्टाफ और सहयोगियों का भी धन्यवाद किया, जिन्होंने पूरे समर्पण के साथ उनके साथ काम किया. होंग म्युंगबो ने 2024 में दूसरी बार साउथ कोरिया की नेशनल टीम की कमान संभाली थी. उनके कार्यकाल में टीम ने 26 मैच खेले, जिनमें से टीम को 15 में जीत मिली, जबकि 6 मुकाबलों में हार का सामना करना पड़ा. वहीं, 5 मैच ड्रॉ रहे. इससे पहले वह 2013 और 2014 में भी नेशनल टीम के हेड कोच रह चुके हैं.

साउथ कोरिया के लिए कैसा रहा है होंग म्युंगबो का प्रदर्शन

कोच बनने से पहले होंग म्युंगबो साउथ कोरिया के दिग्गज खिलाड़ियों में शामिल रहे हैं. उन्होंने अपने इंटरनेशनल करियर में देश के लिए 136 मैच खेले. 2009 में उन्होंने कोचिंग करियर की शुरुआत की और बाद में नेशनल टीम की जिम्मेदारी संभाली. अपने विदाई संदेश में होंग ने कहा कि वह भले ही कोच का पद छोड़ रहे हों. लेकिन कोरियाई फुटबॉल के प्रति उनका प्यार कभी कम नहीं होगा. उन्होंने भरोसा जताया कि टीम भविष्य में मजबूत वापसी करेगी और वह एक समर्थक के रूप में हमेशा नेशनल टीम के साथ खड़े रहेंगे.

Editor's Pick