चैंपियंस ट्रॉफी फाइनल में हार्दिक पांड्या के रन आउट होने के बाद ड्रेसिंग रूम में क्या हुआ था?

हार्दिक पांड्या आजकल टीम इंडिया के साथ वेस्टइंडीज में जुड़े हुए हैं।

Edited By : Devbrat Bajpai |Jul 06, 2017, 04:13 PM IST

Published On Jul 06, 2017, 04:13 PM IST

Last UpdatedJul 06, 2017, 04:13 PM IST

हार्दिक पांड्या © Getty Images
हार्दिक पांड्या © Getty Images

टीम इंडिया के बेहतरीन ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या चैंपियंस ट्रॉफी के फाइनल के दौरान रन आउट हो गए थे। उस समय वह टीम इंडिया को जीत की ओर लिए जा रहे थे इसी बीच रविंद्र जडेजा के साथ हुई गलत फहमी के कारण उन्हें अपना विकेट गंवाना पड़ा। पांड्या ने लंबे समय के बाद इस मुद्दे पर अपनी चुप्पी तोड़ी है। पांड्या ने इस बात को स्वीकार किया कि वह रन आउट होने के बाद खासे निराश हुए थे लेकिन अपनी निराशा से जल्दी उबर भी गए थे।

इस मैच में टीम इंडिया पाकिस्तान के द्वारा दिए गए 339 रनों के लक्ष्य का पीछा कर रही थी। टीम इंडिया का शीर्ष क्रम फीका साबित हुआ और ज्यादातर बल्लेबाज सस्ते में पवेलियन चले गए। जिस समय पांड्या क्रीज पर आए तब तक टीम इंडिया के आधे बल्लेबाज पवेलियन लौट चुके थे। हार्दिक ने आने के थोड़ी देर बाद गजब की हिटिंग की और पाकिस्तानी गेंदबाजों को दिन में तारे दिखा दिए और इस तरह हार के बीच टीम इंडिया को जीत की एक किरण दिखी। जब लगा कि आज हार्दिक कुछ अलग करने के मूड में हैं। वह दुर्भाग्यशाली तरीके से रन आउट हो गए।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें वनडे मैच के पहले पीटीआई से बातचीत करते हुए पांड्या ने कहा कि जिस तरह से आउट होने के बाद उन्होंने बल्ले को झिड़का वह कुछ और नहीं बल्कि निराशा का गुबार था। उन्होंने कहा कि उन्हें इस घटना को भूलने में ज्यादा वक्त नहीं लगा और वह ड्रेसिंग रूम में ठहाके लगाने लगे। ये भी पढ़ें: भारतीय टीम से बाहर चल रहे सुरेश रैना ने नीदरलैंड में किया अभ्यास

हार्दिक ने कहा, “मुझे काफी वक्त लगा। ईमानदारी से कहूं तो तीन मिनट लगे। वह एक गुबार था। मैं जल्दी गुस्सा हो जाता हूं और कुछ मिनटों के बाद मैं ड्रेसिंग रूम में हंसी-ठिठोली कर रहा था। मुझे देखकर अन्य खिलाड़ी भी हंस रहे थे।”

जब रविंद्र जडेजा ने पांड्या को आउट करा दिया था तो कई दिग्गज क्रिकेटरों ने जडेजा की खूब निंदा की थी। कई लोगों ने कहा था कि जडेजा पांड्या के लिए अपने विकेट की कुर्बानी दे सकते थे। वैसे यह जानकर अच्छा लगा कि पांड्या ने इस बात को ज्यादा देर तक दिल पर नहीं लिया। दोनों एक साथ वेस्टइंडीज के खिलाफ पांचवें वनडे में खेलने के लिए तैयार हैं।

Editor's Pick