89 साल के टेस्ट इतिहास में पहली बार यह उपलब्धि अपने नाम करेगी टीम इंडिया

भारत ने 1932 में पहली बार इंग्लैंड के खिलाफ लंदन में टेस्ट मैच खेला था. तब से आज तक वह एक भी मौके पर तटस्थ स्थान पर टेस्ट मैच नहीं खेली है.

Edited By : Arun Kumar |May 17, 2021, 05:43 PM IST

Published On May 17, 2021, 05:43 PM IST

Last UpdatedMay 17, 2021, 05:43 PM IST

भारतीय टीम @BCCITwitter

भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (ICC World Test Championship) मैच खेलने को तैयार है. 18 से 22 जून को होने वाले इस मुकाबले में जब टीम इंडिया इंग्लैंड के साउथम्प्टन में स्थित रोज बाउल मैदान पर उतरेगी, तो यह 89 साल के उसके टेस्ट इतिहास में पहला मौका होगा, जब वह किसी तटस्थ स्थल पर टेस्ट मैच खेलने उतरेगी.

इंटरनेशनल क्रिकेट परिषद (ICC) से टेस्ट दर्जा हासिल करने वाले 12 देशों में से केवल दो देश ही ऐसे हैं, जिन्होंने अब तक तटस्थ स्थल पर टेस्ट मैच नहीं खेला है. इनमें भारत के अलावा बांग्लादेश शामिल है. भारत अब जल्द ही इस सूची में शामिल हो जाएगा.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पाकिस्तान में सुरक्षा खतरे को देखते हुए एक दशक से भी अधिक समय तक विदेशी टीमों ने वहां का दौरा नहीं किया. पाकिस्तान ने इस बीच अपने घरेलू मैचों का आयोजन यूएई और श्रीलंका में किया. इस तरह से इस बीच अधिकतर देशों को तटस्थ स्थल पर टेस्ट मैच खेलने का मौका मिल गया. इनमें न्यूजीलैंड भी शामिल है, जिसने 2014 से लेकर 2018 तक तटस्थ स्थलों पर 6 मैच खेले हैं, जिनमें से उसे तीन में जीत और दो में हार मिली.

भारत और पाकिस्तान के बीच 2007 के बाद कोई टेस्ट मैच नहीं खेला गया है. भारत के पास इससे पहले 1999 में तटस्थ स्थल पर टेस्ट मैच खेलने का मौका था लेकिन तब भारतीय टीम एशियाई टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में नहीं पहुंच पाई थी जो कि ढाका में खेला गया था. पाकिस्तान और श्रीलंका उस चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचे थे और तब उन्होंने पहली बार तटस्थ स्थल पर टेस्ट मैच खेला था.

वैसे तटस्थ स्थल पर पहला टेस्ट मैच आज से 109 साल पहले ऑस्ट्रेलिया और साउथ अफ्रीका के बीच 27—28 मई 1912 को मैनचेस्टर में खेला गया था. यह मैच त्रिकोणीय टेस्ट सीरीज का हिस्सा था, जिसमें इन दोनों टीमों के अलावा मेजबान इंग्लैंड ने भाग लिया था. ऑस्ट्रेलिया ने यह मैच दो दिन में पारी और 88 रन से जीता था. इसके बाद 1999 में ही कोई मैच तटस्थ स्थल पर खेला गया.

पाकिस्तान ने पिछले 20 वर्षों में अपने अधिकतर घरेलू मैच मुख्य रूप से यूएई में खेले हैं. यही कारण है कि तटस्थ स्थल पर सर्वाधिक मैच खेलने का रिकॉर्ड उसी के नाम पर दर्ज है. पाकिस्तान ने अब तक 39 मैच तटस्थ स्थल पर खेले हैं. इनमें से उसे 19 में जीत और 12 में हार मिली है. बाकी आठ मैच ड्रॉ रहे.

ऑस्ट्रेलिया ने भी 12 मैच तटस्थ स्थलों पर खेले हैं. उसके बाद श्रीलंका (9), साउथ अफ्रीका (7) तथा न्यूजीलैंड, वेस्टइंडीज और इंग्लैंड (6-6) का नंबर आता है. अफगानिस्तान ने भी अपने चार मैच तटस्थ स्थलों (भारत और यूएई) में खेले हैं. जिम्बाब्वे ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपने दोनों मैच अबुधाबी में खेले थे. आयरलैंड ने अफगानिस्तान के खिलाफ अपना एक मैच देहरादून में खेला है.

Editor's Pick