- Home
- News
- Former Afghanistan Pacer Shapoor Zadran battling for Life In New Delhi Suffering From Life Threatening disease HLH
जिंदगी और मौत से जूझ रहा है यह क्रिकेटर, कभी गेंदबाजी से खौफ खाते थे बल्लेबाज
अफगानिस्तान के पूर्व खिलाड़ी का नई दिल्ली में इलाज चल रहा है. वह जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं. शापूर जादरान को एक जानलेवा बीमारी हुई है.
Published On Apr 20, 2026, 02:15 PM IST
Last UpdatedApr 20, 2026, 02:15 PM IST
शापूर जादरान हुए बीमार, जिंदगी और मोत की लड़ रहे हैं जंग
अफगानिस्तान के पूर्व तेज गेंदबाज शापूर जादरान एक जानलेवा बीमारी से जूझ रहे हैं. उन्हें Hemophagocytic Lymphohistiocytosis (HLH) नामक रोग हुआ है. इस बीमारी में व्यक्ति का इम्यून सिस्टम खराब होने लगता है. शापूर इस जुलाई में 39 साल के होंगे. वह HLH से पीड़ित हैं. और वह नई दिल्ली के एक अस्पताल के आईसीयू में हैं. यहां वह जनवरी में आए थे.
जादरान को हुई है क्या बीमारी
छह फुट दो इंच कद के इस गेंदबाज अपने ऐक्शन और अंदाज के लिए जाना जाता रहा है. लेकिन आज यह अपने जीवन की जंग लड़ रहा है. वह आईसीयू में हैं. उन्हें स्टेज 4 का HLH है, जो मुख्य रूप से बच्चों में होता है. लेकिन यह उन व्यस्कों में भी हो सकता है जिन्हें संक्रमण होने का अंदेशा हो या जिन्हें कैंसर हुआ हो. इसमें मरीज को हाइपर इन्फ्लमेशन हो जाती है, जो ओवररिएक्टिव इम्यून सिस्टम से बढ़ती है. इससे शरीर के टिशू को नुकसान पहुंचने लगता है. जिसमे बोन मैरो, लिवर और शरीर के कई अन्य अंग भी शामिल होते हैं.
कैसा रहा करियर, कैसे बिगड़ी तबीयत
शापूर ने अफगानिस्तान के लिए 80 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले. इसमें 44 वनडे इंटरनेशनल और 36 टी20 इंटरनेशनल मैच रहे. साल 2009 से 2020 के बीच खेले इन मैचों में उन्होंने अपनी टीम के लिए 80 ही विकेट लिए. ईएसपीएन क्रिकइंफो के हवाले से उनके छोटे भाई गमई जादरान ने बताया कि वह बीते साल अक्टूबर में बीमार हुए थे. अफगानिस्तान में डॉक्टरों ने उन्हें इलाज के लिए भारत जाने की सलाह दी थी.
एसीबी और राशिद खान ने की वीजा में मदद
शापूर के वीजा की प्रक्रिया काफी जल्दी पूरी करवाई गई. इसमें राशिद खान और अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड के चेयरमन मीरवाइज अशरफ ने भारत में अपने संपर्कों का इस्तेमाल किया. जहां अशरफ ने आईसीसी चेयरमैन जय शाह से बात की वहीं राशिद खान ने फ्रैंचाइजी सर्किट में अपने संपर्कों का इस्तेमाल किया. राशिद आईपीएल में गुजरात टाइटंस के लिए खेलते हैं और अन्य कई लीग में वह मुंबई इंडियंस के मालिकाना हक वाली टीम में खेलते हैं. शापूर जनवरी में भारत पहुंचे थे और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था.
शापूर के साथ उनकी पत्नी और अफगानिस्तान की टीम में उनके साथी रहे असगर अफगान भी हैं. कनाडा में रहने वाले गमई, भी उनके पास पहुंच गए थे.
बढ़ता गया शापूर जादरान का रोग
गमई ने क्रिकइंफो को बताया, ‘यह बहुत गंभीर संक्रमण है. उनके पूरे शरीर में संक्रमण हो गया है, जिसमें टीबी भी शामिल है. यह मस्तिष्क में भी फैल गया है. जो एमआरआई और सीटी स्कैन के बाद सामने आया.’
गमई ने कहा कि शापूर ने कहा, कि शापूर इलाज के प्रति अच्छी प्रतिक्रिया दे रहे थे और कुछ सप्ताह बाद उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई थी. और वे सब पास के एक होटल में शिफ्ट हो गए थे. उन्होंने कहा, ‘डॉक्टर ने कहा था कि हम नियमित रूप से चेकअप के लिए आ सकते हैं. शापूर की तबीयत करीब 20 तक अच्छी रही इसके बाद उन्हें दोबारा संक्रमण हो गया और उन्हें फिर अस्पताल में भर्ती करवाना पड़ा.’
एक बार फिर बिगड़ गई तबीयत
शापूर को 20 दिन बाद दोबारा अस्पताल से छुट्टी दे दी गई. लेकिन इसके बाद उनका पेट खराब हो गया. तो उन्हें दोबारा अस्पताल में लाया गया. और चीजें खराब होने लग गईं. उन्होंने बताया, ‘उन्हें बुखार होने लगा और फिर उन्हें डेंगू भी हो गया. उनकी इम्यूनिटी काफी कमजोर थी और रेड ब्लड सेल काउंट गंभीर रूप से कम हो गए थे.’
रमजान के महीने में उनका बोन मैरो टेस्ट हुआ तो पता चला कि उन्हें चौथे चरण का HLH है. गमई ने बताया कि फिलहाल शापूर मुश्किल से बोल पाते हैं और काफी सोते हैं. दूसरी बार जब उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया था तब उनका वजन 98 किलोग्राम था जो अब घटकर 84 किलो रह गया है.