- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Former coach grant flower younis khan once placed a knife on my neck after giving advice 4073667
पूर्व पाक कोच ने कहा- एक बार सलाह देने पर यूनिस खान ने मेरी गर्दन पर चाकू रख दिया था
पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाजी कोच ग्रांट फ्लावर ने कहा है कि उनके कोचिंग करियर के दौरान उन्हें काफी मुश्किल खिलाड़ियों से सामना करना पड़ा था।
Published On Jul 02, 2020, 05:56 PM IST
Last UpdatedJul 02, 2020, 05:56 PM IST
पाकिस्तान के पूर्व बल्लेबाजी कोच ग्रांट फ्लॉवर (Grant Flower) ने दावा किया कि एक बार जब उन्होंने ऑस्ट्रेलिया दौरे के दौरान पूर्व कप्तान यूनिस खान (Younis Khan) को कुछ सलाह देने की कोशिश की तो उन्होंने उनकी गर्दन पर चाकू रख दिया था।
जिम्बाब्वे के फ्लॉवर से तब पूछा गया कि उनके कोचिंग करियर के दौरान उन्हें किन मुश्किल खिलाड़ियों से सामना करना पड़ा तो 49 साल कोच ने यूनिस से जुड़ी घटना याद की। वो 2014 से 2019 तक पाकिस्तान के बल्लेबाजी कोच रहे थे।
फ्लॉवर इस समय श्रीलंका के बल्लेबाजी कोच हैं। उन्होंने ‘फोलोइंग ऑन क्रिकेट पोडकास्ट’ पर अपने भाई एंडी और मेजबान नील मैंथोर्प के साथ बातचीत में कहा, ‘‘यूनिस खान…उन्हें सिखाना काफी कठिन है।’’
उन्होंने कहा, ‘‘मुझे ब्रिस्बेन की एक घटना याद है, टेस्ट मैच के दौरान सुबह के नाश्ते पर मैंने उसे कुछ बल्लेबाजी सलाह देने की कोशिश की…लेकिन उसे मेरी सलाह अच्छी नही लगी और वो चाकू मेरी गर्दन तक ले आया, मिकी आर्थर साथ ही बैठे थे, जिन्हें बीच में हस्तक्षेप करना पड़ा।’’
फ्लावर ने कहा, ‘‘हां, ये दिलचस्प रहा। लेकिन ये कोचिंग का हिस्सा है। इससे ये यात्रा काफी मुश्किल हो जाती है और मैंने इसका सचमुच लुत्फ उठाया है। मुझे अभी काफी कुछ चीजें सीखनी हैं लेकिन में काफी भाग्यशाली हूं कि मैं इस मुकाम तक पहुंचा हूं।’’
यूनिस को हाल में इंग्लैंड के दौरे के लिए पाकिस्तानी टीम का बल्लेबाजी कोच नियुक्त किया गया। उन्होंने पाकिस्तान के लिये 118 टेस्ट में 52.05 के औसत से 10,099 रन बनाए हैं। पाकिस्तान के पूर्व स्टार बल्लेबाज ने हालांकि फ्लावर के दावे पर अभी तक कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है।
यूनिस के साथ ये घटना 2016 में ब्रिस्बेन में पाकिस्तान के ऑस्ट्रेलिया दौरे के शुरूआती टेस्ट के दौरान हुई होगी। जिसमें वो पहली पारी में शून्य पर आउट हो गए थे और फिर दूसरी पारी में 65 रन बनाने में सफल रहे थे। उन्होंने इस दौरे का अंत तीसरे टेस्ट में 175 रन की नाबाद पारी के साथ किया था।
पाकिस्तान हालांकि इस तीन टेस्ट मैचों की सीरीज को 0-3 से गंवा बैठा था। फ्लॉवर ने पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज अहमद शहजाद को भी दिलचस्प किरदार बताया। उन्होंने कहा, ‘‘वो काफी कुशल बल्लेबाज हैं, लेकिन काफी बगावती है। हर टीम में कोई विद्रोह करने वाला होता है। कभी कभार ये चीज उन्हें अच्छा खिलाड़ी बना देती है, कभी कभार ऐसा नहीं होता। ’’