- क्रिकेट न्यूज़
- News
- former cricketer sandeep patil appointed mumbai team mentor
पूर्व क्रिकेटर संदीप पाटिल बने मुंबई के मेंटर, आगामी घरेलू सीजन के लिए मिली बड़ी जिम्मेदारी
Sandeep Patil: मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन ने आगामी घरेलू सीजन से पहले भारत के पूर्व क्रिकेटर संदीप पाटिल को मुंबई की हर लेवल की मेंस टीम का मेंटर नियुक्त किया है.
Published On Jun 24, 2026, 11:18 PM IST
Last UpdatedJun 24, 2026, 11:18 PM IST
1983 विश्व कप जीतने वाली टीम का हिस्सा रहे भारत के पूर्व क्रिकेटर संदीप पाटिल को घरेलू सीजन 2026-27 के लिए मुंबई की हर स्तर की पुरुष टीम का मेंटर बनाया गया है.मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) ने बुधवार को इसका ऐलान कर दिया है. उनका अनुभव मुंबई की घरेलू टीम को काफी काम आ सकता है. संदीप पाटिल की कोचिंग में केन्या की टीम 2003 के वनडे विश्व कप में सेमीफाइनल तक पहुंची थी. इसके अलावा वो भारत के चीफ सिलेक्टर की भूमिका भी निभा चुके हैं.
मुंबई के मेंटर बने संदीप पाटिल
मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (एमसीए) के अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि संदीप पाटिल के मेंटर बनने से हमारे खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ को बहुत फायदा होगा.खेल के सबसे ऊंचे स्तर पर उनका व्यापक अनुभव, मुंबई क्रिकेट की उनकी गहरी समझ के साथ मिलकर, क्रिकेटरों की अगली पीढ़ी को तैयार करने में मदद करेगा.
1983 में वनडे विश्व कप जीतने वाली भारतीय टीम के सदस्य रहे पाटिल ने 1980 से 1986 के बीच भारतीय टीम के लिए 29 टेस्ट और 45 वनडे खेले.वह मुंबई की सभी पुरुष टीमों के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ दोनों को रणनीतिक मार्गदर्शन, तकनीकी विशेषज्ञता, नेतृत्व विकास और प्रेरक सहयोग देंगे.संदीप पाटिल के अलावा एमसीए ने महिला क्रिकेट की देखरेख और उसे बेहतर बनाने के लिए भारत की पूर्व क्रिकेटर अरुंधति घोष को महिला टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर नियुक्त किया है.अरुंधति ने भारत के लिए आठ टेस्ट और 11 वनडे खेले हैं.
अरुंधति घोष पर क्या बोले नाइक
अरुंधति घोष की नियुक्ति पर एमसीए अध्यक्ष अजिंक्य नाइक ने कहा कि हम अपने अधिकार क्षेत्र में महिला क्रिकेट को बढ़ाने और मजबूत करने की अपनी कोशिशों को जारी रखते हुए अरुंधति घोष का महिला टूर्नामेंट कोऑर्डिनेटर के तौर पर स्वागत करते हुए खुश हैं.
एमसीए सचिव प्रो. डॉ. उन्मेश खानविलकर ने कहा कि ये नियुक्तियां इस सीजन के लिए एक मजबूत सहयोग संरचना बनाने की एसोसिएशन की बड़ी कोशिश का हिस्सा हैं.एसोसिएशन अपने खिलाड़ियों को सबसे अच्छी सुविधा देने के लिए प्रतिबद्ध है.नियुक्तियां मुंबई क्रिकेट के विकास और सफलता में अहम योगदान देंगी.