- Home
- News
- Former Cricketers believes Australia should have sent India in sooner with rain around the corner
पूर्व दिग्गजों ने कहा- गाबा में पारी घोषित ना कर बड़ी गलती कर बैठी है ऑस्ट्रेलिया टीम
ऑस्ट्रेलिया क्रिकेट टीम ने गाबा टेस्ट के चौथे दिन भारत के खिलाफ 294 रनों का स्कोर खड़ा किया।
Published On Jan 18, 2021, 02:39 PM IST
Last UpdatedJan 18, 2021, 02:39 PM IST
(Twitter)
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई दिग्गजों का मानना है कि टिम पेन की टीम ने भारत के खिलाफ ब्रिसबेन में खेले जा रहे चौथे टेस्ट मैच में अपनी दूसरी पारी को समय पर घोषित ना कर बड़ी गलती कर दी। ऑस्ट्रेलिया टीम बारिश के प्रभावित गाबा टेस्ट के चौथे दिन 294 रन पर ऑलआउट हुई और टीम इंडिया के सामने 328 का लक्ष्य रखा। अब मेजबान टीम को टेस्ट मैच जीतने के लिए आखिरी दिन 10 विकेट लेने होंगे लेकिन मौसम विभाग की मानें तो कल के दिन भी बारिश खेल में बाधा पैदा कर सकती है।
ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एलेन बॉर्डर ने कहा कि बारिश को देखते हुए कंगारू टीम को पारी घोषित कर भारतीय टीम को जल्दी बल्लेबाजी के लिए बुलाना चाहिए था।
फॉक्स क्रिकेट से बातचीत में बॉर्डर ने कहा, “मुझे लगता है कि मौजूदा हालातों को देखते हुए हमने देर से मैदान छोड़ा। मुझे लगता है कि थोड़ी देर हुई। मेरे हिसाब से हमें टी तक 275 की बजाय 300 के स्कोर पर होना चाहिए था, ताकि हम वहां पारी घोषित कर सकते और अभी गेंदबाजी कर रहे होते, किसे पता है कि क्या हो सकता है।”
एशिया कप में हिस्सा नहीं लेगी टीम इंडिया; घर पर मैच खेलना चाहता है BCCI
महान विकेटकीपर बल्लेबाज एडम गिलक्रिस्ट भी बॉर्डर की बात से सहमत हुए। उन्होंने कहा, “मैं केवल यही समझ सकता हूं कि उन्होंने वास्तव में बारिश के बारे में सोचकर तैयारी नहीं की थी। मौसम विभाग के रिपोर्ट को जानने के बाद ये थोड़ा बचकाना था, तूफान की संभावना थी। एक बार आप बारिश को आने देते हैं तो खेल किस्मत का हो जाता है।”
वहीं पूर्व क्रिकेटर मार्क वॉ ने ऑस्ट्रेलिया की आक्रामकता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, “ये ऑस्ट्रेलिया की अजीब रणनीति थी……मुझे लगा कि वो शुरुआत से ही ज्यादा शॉट खेल रहे थे। मुझे पता है कि गेंदबाजी बहुत अच्छी है लेकिन मुझे लगा कि वो थोड़े और सक्रिय होंगे।”