- Home
- News
- Former India all-rounder Yuvraj joins New York Strikers as captain and icon player for LCT season 2
युवराज की कप्तानी में खेलेंगे पाक खिलाड़ी, बाबर, नसीम और आमिर होंगे टीम का हिस्सा
युवराज सिंह की कप्तानी में जलवा बिखेरेंगे बाबर आजम, नसीम शाह, मोहम्मद आमिर जैसे कई पाकिस्तानी खिलाड़ी.
Published On Feb 14, 2024, 02:24 PM IST
Last UpdatedFeb 14, 2024, 02:24 PM IST
PIC- TWITTER
भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह (Yuvraj Singh) को आगामी लीजेंड्स क्रिकेट ट्रॉफी (एलसीटी) सीजन 2 के लिए न्यूयॉर्क सुपरस्टार स्ट्राइकर्स का कप्तान और आइकन खिलाड़ी नियुक्त किया गया है. युवराज उस टीम का नेतृत्व करेंगे जिसमें बाबर आजम, राशिद खान, कीरोन पोलार्ड, इमाम उल हक, नसीम शाह, मथीशा पथिराना, रहमानुल्लाह गुरबाज़, आसिफ अली और मोहम्मद आमिर जैसे खिलाड़ी शामिल हैं.
फ्रेंचाइजी ने एक बयान में कहा, “युवराज के शामिल होने से टीम में विशेषज्ञता, कौशल और नेतृत्व की गहराई बढ़ेगी, जिससे टूर्नामेंट के आगामी संस्करण में नेतृत्व करने के लिए न्यूयॉर्क सुपरस्टार स्ट्राइकर्स की तैयारी मजबूत होगी.” 90 गेंदों के प्रारूप में खेला जाने वाला यह टूर्नामेंट 7-18 मार्च तक श्रीलंका के कैंडी में आयोजित किया जाएगा.
गाजियाबाद में खेला गया पहला सीजन
20 ओवर के प्रारूप में खेला गया पहला सीज़न पिछले साल 22 से 30 मार्च तक गाजियाबाद में आयोजित किया गया था. फाइनल बारिश की भेंट चढ़ने के बाद इंदौर नाइट्स और गुवाहाटी एवेंजर्स को उद्घाटन सत्र का संयुक्त विजेता घोषित किया गया. LCT90BALLS प्रारूप में, प्रत्येक टीम के पांच गेंदबाज तीन ओवर फेंक सकते हैं. गेंदबाजी टीम का कप्तान 60वीं गेंद तक चार ओवर फेंकने के लिए एक गेंदबाज का चयन कर सकता है.
टीम के मालिक सागर खन्ना ने युवराज के टीम में शामिल होने पर अपना उत्साह व्यक्त करते हुए कहा, “हम युवराज सिंह को अपने कप्तान और आइकन खिलाड़ी के रूप में पाकर रोमांचित हैं. उनकी अद्वितीय प्रतिभा और सिद्ध नेतृत्व निस्संदेह टीम के प्रदर्शन को ऊपर उठाएगा.”
उन्होंने टीम के मिशन पर जोर देते हुए कहा, “न्यूयॉर्क सुपरस्टार स्ट्राइकर्स के साथ हमारा मिशन गेमप्ले और कौशल दोनों में अब तक की सबसे मजबूत टीम बनना है. युवराज सिंह के नेतृत्व में और प्रतिभाशाली लाइनअप के साथ, हम इकट्ठे हुए हैं.”
विदेशी लीग में युवी का जलवा
युवराज ने साल 2019 में ही क्रिकेट के सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट का ऐलान कर दिया था. हालांकि इसके बाद युवी कई विदेशी लीग में खेलते नजर आए जो अब भी जारी है. बता दें, भारतीय खिलाड़ी तब तक किसी विदेशी लीग में हिस्सा नहीं ले सकते जब तक कि वह सभी फॉर्मेट से रिटायरमेंट लेने के बाद BCCI से NOC हासिल नहीं कर लेते.
युवराज सिंह भारतीय क्रिकेट के उन सितारों में से एक रहे हैं जिन्होंने टीम इंडिया को कई बड़े टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन के दम पर जीत दिलाई. भारत को वर्ल्ड कप 2011 में चैंपियन बनाने में युवराज सिंह का अहम योगदान रहा. इस टूर्नामेंट में युवी ने गेंद और बल्ले से शानदार प्रदर्शन करते हुए प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब अपने नाम किया.