- Home
- News
- Former south african skipper Faf du Plessis retires from Test cricket; T20 format will be priority
फाफ डु प्लेसिस ने किया टेस्ट से संन्यास का ऐलान, टी20 पर होगा पूरा ध्यान
पूर्व दक्षिण अफ्रीकी कप्तान फाफ डु प्लेसिस का कहना है कि अब उनका पूरा ध्यान आगामी दो टी20 विश्व कप टूर्नामेंट्स पर होगा।
Published On Feb 17, 2021, 12:26 PM IST
Last UpdatedFeb 17, 2021, 12:26 PM IST
फाफ डु प्लेसिस (Getty images)
पूर्व दक्षिण अफ्रीका कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने बुधवार को टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने की घोषणा की है। जिसके बाद वो सीमित ओवर फॉर्मेट पर ध्यान देंगे, खासकर कि टी20 क्रिकेट पर। 36 साल के खिलाड़ी ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक पोस्ट कर संन्यास की जानकारी दी।
उन्होंने लिखा, ‘‘ये हम सभी के लिए मुश्किलों से लड़कर आगे बढ़ने वाला साल रहा। कभी अनिश्चितता भी रही लेकिन इससे कई पहलुओं को लेकर मेरी स्पष्ट राय बनी। मेरा दिल साफ है और ये नये अध्याय की शुरुआत करने के लिए सही समय है। खेल के सभी फॉर्मेट में देश का प्रतिनिधित्व करना सम्मान है लेकिन अब मेरे लिये टेस्ट क्रिकेट से संन्यास लेने का समय आ गया है।’’
View this post on Instagram
डुप्लेसिस ने आगे कहा, ‘‘अगले दो साल आईसीसी टी20 विश्व कप होंगे। इस वजह से मैं अपना ध्यान इस फॉर्मेट पर केंद्रित कर रहा हूं। मैं दुनिया भर में इस फॉर्मेट में ज्यादा से ज्यादा खेलना चाहता हूं ताकि मैं जितना संभव हो सके सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी बन सकूं। मेरा मानना है कि मैं इस फॉर्मेट में दक्षिण अफ्रीका की टीम में अहम योगदान दे सकता हूं। इसका मतलब ये नहीं है कि वनडे क्रिकेट मेरी योजना का हिस्सा नहीं है। मैं कुछ समय के लिये टी20 क्रिकेट को अपनी प्राथमिकता बना रहा हूं।’’
डुप्लेसिस ने दक्षिण अफ्रीका के लिए खेले 69 टेस्ट मैच खेले जिनमें उन्होंने 40.02 की औसत से 4163 रन बनाए। उन्होंने इस फॉर्मेट में 10 शतक और 21 अर्धशतक लगाए हैं। उनका उच्चतम स्कोर 199 रन रहा जो उन्होंने पिछले साल दिसंबर में श्रीलंका के खिलाफ सेंचुरियन में बनाया था। डुप्लेसिस ने नवंबर 2012 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एडीलेड में टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू किया था।
उन्होंने पिछले साल दक्षिण अफ्रीका के टेस्ट और टी20 कप्तान का पद छोड़ दिया है। डुप्लेसिस ने कहा, ‘‘अगर कोई 15 साल पहले मुझसे कहता कि मैं दक्षिण अफ्रीका के लिए 69 टेस्ट मैच खेलूंगा और टीम की कप्तानी भी करूंगा तो मैं उस पर विश्वास नहीं करता।’’