add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

वेस्टइंडीज में कोविड-19 वैक्सीन पहुंचाने के लिए सर विव रिचर्ड्स समेत पूर्व दिग्गजों ने की PM मोदी की तारीफ

भारत सरकार ने वैक्सीन मैत्री कार्यक्रम के तहत कैरिबियाई देशों समेत भूटान, मालदीव, मॉरीशस, बहरीन, नेपाल, बांग्लादेश, म्यांमा और श्रीलंका तक देश में बनी कोरोना वैक्सीन पहुंचाई है।

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - March 14, 2021 4:09 PM IST

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान विव रिचर्ड्स ने भारत सरकार के कैरेबियाई देशों में कोरोना वैक्सीन पहुंचाने के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ की। रिचर्ड्स समेत तीन और पूर्व विंडीज खिलाड़ियों ने भारतीय प्रधानमंत्री का शुक्रिया अदा किया।

रिचर्ड्स ने ट्विटर पर एक वीडियो में कहा, ‘‘मैं एंटीगा और बारबाडोस के लोगों की तरफ से भारत सरकार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत की जनता का शुक्रिया करना चाहूंगा कि उन्होंने हमें कोरोना वैक्सीन की खेप पहुंचायी। इससे भविष्य में हमारे रिश्ते और मजबूत होंगे।’’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

वहीं रिची रिचर्ड्सन ने कहा, ‘‘मैं एंटीगा और बारबाडोस की ओर से भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार जताना चाहता हूं कि उन्होंने भारत में बनी कोरोना वैक्सीन की 40 हजार डोज हमें भेजी। हम आपके आभारी हैं, बहुत शुक्रिया।’’

वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के निदेशक और पूर्व कप्तान जिमी एडम्स ने कहा, ‘‘जिस तरह भारत सरकार कैरीकॉम (20 कैरेबियाई देशों का समूह) देशों को कोरोना वैक्सीन पहुंचा रही है, वो वाकई तारीफ का काम है। इससे जमैका के लोगों को भी बहुत फायदा होगा। मैं इस शानदार अभियान के लिये कैरेबियाई लोगों ओर से आपका शुक्रिया करना चाहूंगा। ’’

वेस्टइंडीज के पूर्व क्रिकेटर रामनरेश सरवन ने भी मोदी की तारीफ की, उन्होंने कहा, ‘‘मैं हमें कोरोना वैक्सीन पहुंचाने के लिये आपका शुक्रिया अदा करना चाहूंगा।’’

क्या है भारत सरकार का वैक्सीन मैत्री कार्यक्रम

भारत कोरोना वायरस के खिलाफ मुहिम में अहम भूमिका निभा रहा है और ‘वैक्सीन मैत्री’ अभियान के तहत स्वदेशी कोरोना वैक्सीन पहुंचाने में जुटा है। अब इसकी खेप वेस्टइंडीज पहुंचाई गई है। भारत ने इस अभियान के अंतर्गत अनेक देशों जैसे भूटान, मालदीव, मॉरीशस, बहरीन, नेपाल, बांग्लादेश, म्यांमा और श्रीलंका को भी अपने देश में बनी कोरोना वैक्सीन दी है।