भारती-श्रेयंका का मैदान पर कोहराम, टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को 26 रनों से हराया
महिला विश्व कप 2026 के अपने पहले प्रैक्टिस मैच में भारत ने वेस्टइंडीज को 26 रन से हरा दिया है. जिसमें भारती फुलमाली और श्रेयंका पाटिल ने शानदार प्रदर्शन किया है. भारत का अगला अभ्यास मैच 10 जून को इंग्लैंड के खिलाफ खेलेगी.
Published On Jun 08, 2026, 09:37 PM IST
Last UpdatedJun 08, 2026, 09:37 PM IST
महिला विश्व कप 2026 में भारत के सफर की शुरुआत अभ्यास मैच के साथ हो गई है. टीम इंडिया ने वेस्टइंडीज को पहले प्रैक्टिस मैच में 26 रन से हरा दिया. ये मैच सोमवार को सोफिया गार्डन्स में खेला गया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए. जिसका पीछा करते हुए वेस्टइंडीज की टीम 20 ओवर में 8 विकेट गंवाकर सिर्फ 153 रन ही बना सकी. भारत की इस जीत में भारती फुलमाली और श्रेयंका पाटिल ने अहम भूमिका निभाई.
भारती फुलमाली ने खेली जबरदस्त पारी
टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 20 ओवरों में 8 विकेट खोकर 179 रन बनाए. टीम इंडिया को स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा की सलामी जोड़ी ने शानदार शुरुआत दिलाई. दोनों खिलाड़ियों ने 5.2 ओवरों में 59 रन की साझेदारी की. मंधाना 23 गेंदों में 8 चौकों के साथ 39 रन बनाकर पवेलियन लौटीं. कुछ देर बाद शेफाली वर्मा (29) और जेमिमा रोड्रिगेज (7) भी आउट हो गईं. 85 के स्कोर तक टीम ने अपने 3 बल्लेबाजों के विकेट गंवा दिए थे.
यहां से यास्तिका भाटिया ने भारती फुलमाली के साथ चौथे विकेट के लिए 44 गेंदों में 61 रन जुटाते हुए टीम के स्कोर को बढ़ाया. यास्तिका ने 26 गेंदों में 6 चौकों के साथ 36 रन की पारी खेली. जबकि भारती ने 40 गेंदों में 7 बाउंड्री के साथ नाबाद 56 रन बनाए. विपक्षी खेमे से एफी फ्लेचर ने सबसे ज्यादा 4 विकेट हासिल किए.जबकि करिश्मा रामह्रैक, आलिया एलीन और डिएंड्रा डॉटिन ने 1-1 विकेट निकाले.
श्रेयंका पाटिल की गेंदबाजी ने मचाया कोहराम
180 रनों के जवाब में वेस्टइंडीज की टीम निर्धारित ओवरों में 8 विकेट गंवाकर सिर्फ 153 रन ही बना सकी. सलामी जोड़ी के रूप में डॉटिन ने शेमाइन कैंपबेल के साथ 9 ओवरों में 63 रन की साझेदारी की. कैंपबेल 22 गेंदों में 25 रन बनाकर रियाटर्ड आउट हुईं. जबकि डॉटिन ने 44 गेंदों में 49 रन बनाए। उनकी इस पारी में 8 चौके शामिल रहे.
इनके अलावा आलिया एलीन ने 13 रन, जबकि जानिलिया ग्लासगो और शॉनिशा हेक्टर ने 19-19 रनों का योगदान टीम के खाते में दिया. भारत की तरफ से श्रेयंका पाटिल ने 36 रन देकर 4 विकेट निकाले. राधा यादव ने 25 रन देकर 3 विकेट हासिल किए. भारतीय टीम अपना अगला वार्म-अप मैच 10 जून को डर्बी के काउंटी ग्राउंड में मेजबान इंग्लैंड के विरुद्ध खेलेगी.