×

दिल्ली डेयरडेविल्स ने गैरी कर्स्टन को कोच पद से हटाया

गैरी कर्स्टन 2011 विश्वविजेता भारतीय टीम के कोच थे

user-circle cricketcountry.com Written by Indo-Asian News Service
Last Published on - December 8, 2015 10:41 AM IST

गैरी कर्स्टन ने एक बार बताया था कि वह दिल्ली की टीम को चलाने में परेशानी महसूस कर रहे हैं © AFP
गैरी कर्स्टन ने एक बार बताया था कि वह दिल्ली की टीम को चलाने में परेशानी महसूस कर रहे हैं © AFP

नई दिल्ली। इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) की टीम दिल्ली डेयरडेविल्स ने गैरी कर्स्टन को टीम के कोच पद से हटा दिया है। इस बात की घोषणा फ्रेंचाइजी ने सोमवार को की। दक्षिण अफ्रीका के पूर्व सलामी बल्लेबाज कर्स्टन को 2014 में डेयरडविल्स का कोच नियुक्त किया गया था। कर्स्टन के कोच रहते डेयरडेविल्स की टीम का प्रदर्शन काफी निराशाजनक रहा। दिल्ली डेयरडेविल्स के साथ वह पिछले दो सत्रों में कोई कमाल नहीं कर सके और टीम सबसे नीचे दो स्थानों पर रही। कर्स्टन के कोच रहते दो सीरीज में डेयरडेविल्स ने 28 मैच खेले और सिर्फ 7 जीत हासिल कर सकी। इस दौरान 20 मैचों में उन्हें हार का सामना करना पड़ा। 2014 में टीम अंकतालिका में सबसे नीचे रही, जबकि 2015 में टीम 14 मैचों में सिर्फ पांच जीत हासिल कर आठ टीमों की अंकतालिका में सातवां स्थान हासिल कर सकी।

TRENDING NOW

दिल्ली डेयरडेविल्स ने युवराज सिंह को भी 16 करोड़ रुपए में ख़रीदा था, लेकिन वो भी टीम के लिए कुछ नहीं कर सके थे। आस्ट्रेलिया के ग्रेग शीपर्ड अब डेयरडेविल्स टीम में कर्स्टन की जगह लेंगे। उल्लेखनीय है कि कर्स्टन के मार्गदर्शन में ही भारतीय टीम ने 2011 का विश्व कप जीता था। दिल्ली डेयरडेविल्स के मुख्य कार्यकारी अधिकारी हेमंत दुआ ने एक बयान में कहा, “कर्स्टन ने अपने अनुभव से टीम को दोबारा खड़ा करने में अहम योगदान दिया। हम उनके काम की सराहना करते हैं और उन्हें भविष्य के लिए शुभकामनाएं देते हैं।” 48 साल के कर्स्टन ने दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम को साल 1993 से 2004 तक अपनी सेवाएं दी। गैरी ने अपने करियर में कुल 101 टेस्ट मैच खेले हैं जिनमें उनके नाम 7289 रन दर्ज हैं। इसके अलावा उन्होंने 185 वनडे मैचों में लगभ 41 के औसत से 6798रन बनाए हैं। वनडे में उनका सर्वोच्च स्कोर 188 रन नाबाद है।