add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 World Cup 2026: गौतम गंभीर ने वर्ल्ड कप की जीत इन 2 लोगों को की समर्पित, बोले मेरी जवाबदेही...

भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने टी20 वर्ल्ड कप जीत दो अहम लोगों को समर्पित की. उन्होंने इसके लिए उन्हें शुक्रिया कहा.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - March 9, 2026 8:04 AM IST

अहमदाबाद: भारत ने न्यूजीलैंड को हराकर टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खिताब पर कब्जा किया. रविवार, 8 मार्च को नरेंद्र मोदी स्टेडियम, अहमदाबाद में भारत ने 96 रन के बड़े अंतर से जीत हासिल की. इसके साथ ही भारतीय टीम तीन बार टी20 वर्ल्ड कप जीतने वाली पहली टीम बन गई. इस जीत के बाद भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने बताया कि वह इस जीत को किसे समर्पित करते हैं. उन्होंने साथ ही यह भी बताया कि उनकी जवाबदेही किन लोगों के लिए है.

गंभीर ने कहा कि यह जीत जीत वह राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को समर्पित करते हैं. इसके साथ ही उन्होंने कहा कि वह ड्रेसिंग रूम में मौजूद लोगों के लिए जवाबदेह हैं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

भारत ने पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर 5 विकेट पर 255 रन का बड़ा स्कोर बनाया. और इसके जवाब में न्यूजीलैंड की पूरी टीम 159 रन पर सिमट गई. भारत ने इससे पहले 2007 और 2024 में भी टी20 वर्ल्ड कप जीता था.

मेरी जवाबदेही ड्रेसिंग रूम के लिए…

गंभीर ने मैच के बाद प्रेस कांफ्रेंस में कहा,‘मेरी जवाबदेही सोशल मीडिया पर लोगों के लिए नहीं है. मेरी जवाबदेही उन 30 लोगों के लिये है जो चेंज रूम में हैं.’

उन्होंने कहा, ‘कोच टीम से बनता है. खिलाड़ियों ने मुझे वह कोच बनाया, जो मैं हूं.’ उन्होंने कहा कि मैंने हमेशा से कहा है कि एक कोच या कप्तान उतना ही अच्छा होता है जितना उसके खिलाड़ी अच्छे होते हैं.

राहुल भाई और लक्ष्मण को डेडिकेट करता हूं यह जीत

गंभीर ने आगे कहा, ‘मैं यह ट्रॉफी राहुल द्रविड़ और वीवीएस लक्ष्मण को समर्पित करता हूं. राहुल भाई को भारतीय टीम को इस मुकाम तक लाने के लिए और लक्ष्मण को सीओई (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) में खिलाड़ियों की पाइपलाइन बनाने के लिए.’ उन्होंने कहा कि सीओई भारतीय क्रिकेट को अच्छे क्रिकेटर्स की एक पाइपलाइन मुहैया करवाता है.

गंभीर ने मुख्य चयनकर्ता अजित अगरकर और बीसीसीआई के पूर्व सचिव और आईसीसी के मौजूदा अध्यक्ष जय शाह को भी धन्यवाद दिया.

अगरकर और जय शाह को सराहा

उन्होंने कहा, ‘अजित अगरकर ने काफी आलोचना झेली और पूरी ईमानदारी से काम किया. जय भाई ने मेरे कार्यकाल के सबसे खराब दौर में मुझे फोन किया.’ उन्होंने कहा कि जब मुझे भारतीय टीम का मुख्य कोच बनाया गया तो मुझे किसी भी टीम का हेड कोच बनने का अनुभव नहीं था. लेकिन मुझ पर भरोसा जताया गया.

गंभीर ने कप्तान सूर्यकुमार यादव की तारीफ करते हुए कहा ,‘सूर्या ने मेरा काम आसान कर दिया । वह पितातुल्य कप्तान की तरह है. बड़ा लक्ष्य ट्रॉफी जीतना है, उपलब्धियां नहीं. हमने कई साल तक उपलब्धियों का जश्न मनाया । मैं आप लोगों से आग्रह करूंगा कि निजी उपलब्धियों का जश्न मनाना छोड़ें.’

उन्होंने कहा,‘मैं यह नहीं कहूंगा कि सफेद गेंद का यह भारत का दौर है. ऐसा होता तो हम पिछली तीन में से दो वनडे सीरीज नहीं हारते. मैने भरोसे पर टीम चुनी , उम्मीद पर नहीं.’

सूर्यकुमार ने कहा, ‘मैने गौतम गंभीर की कप्तानी में चार साल खेला (केकेआर के लिए), हमारे बीच कभी बहस नहीं हुई क्योंकि साझा लक्ष्य टीम को जिताना था. हमारी दोस्ती ऐसे ही हुई. वह दो कदम चले और मैं दो कदम.’

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/