Bharat Malhotra
Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम का हिस्सा हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. साल 2008 में आ ...Read More
Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - March 17, 2026 1:12 PM IST

भारतीय टीम के मुख्य कोच गौतम गंभीर ने विराट कोहली और रोहित शर्मा के साथ अपने रिश्तों को लेकर पहली बार खुलकर बात की है. गंभीर ने माना कि शायद उन्होंने इन दोनों खिलाड़ियों के साथ रिश्ते के कुछ पहलुओं को उस तरह से नहीं संभाला हो जिस तरह करना चाहिए था. कोहली और रोहित ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया था. यह गौतम गंभीर के कार्यकाल के शुरुआत की ही बात थी. बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भारत की हार के बाद कई सवाल उठने लगे थे. इसके बाद भारत के इंग्लैंड दौरे से पहले इन दोनों सीनियर्स ने क्रिकेट के सबसे बड़े फॉर्मेट को अलविदा कर दिया था.
रेवस्पोर्ट्स कॉन्क्लेव, कोलकाता में गंभीर से रिपोर्ट्स और मीडिया में चल रही उन चर्चाओं के बारे जिनमें सीनियर्स खिलाड़ियों के साथ उनके रिश्तों को लेकर पूछा गया. यह चर्चा लंबे वक्त तक रही जिनमें कहा गया कि हालिया महीनों में गंभीर और सीनियर खिलाड़ियों के बीच रिश्ते तनावपूर्ण रहे.
गंभीर ने इस सवाल पर सीधा तो कुछ नहीं कहा लेकिन माना कि उन्होंने भी कुछ गलतियां की होंगी. उन्होंने यह भी कहा कि गलतियां इनसान से होती हैं और फैसले सही नीयत से लिए गए.
गंभीर जुलाई 2024 में भारतीय टीम के मुख्य कोच बने. उसके बाद से सीनियर खिलाड़ियों के साथ उनके रिश्तों को लेकर खूब चर्चाएं हुईं. उनके कार्यकाल में भारत ने सीमित ओवरों के क्रिकेट में तो कई कामयाबियां हासिल कीं लेकिन टेस्ट क्रिकेट में भारतीय टीम का प्रदर्शन बहुत अच्छा नहीं रहा है. गंभीर के कार्यकाल में इस फॉर्मेट में भारत के लिए परिणाम और वरिष्ठ खिलाड़ियों, खास तौर पर कोहली और रोहित के साथ उनके कथित मतभेदों पर भी खूब बात हुई.
गंभीर के कार्यकामल में ही भारत ने चैंपियंस ट्रॉफी 2025, आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 और एशिया कप जैसे बड़े टूर्नामेंट जीते. गंभीर पहले भारतीय कोच बन गए जिनके कार्यकाल में टीम ने दो आईसीसी ट्रॉफियां जीतीं.
इस कार्यक्रम के दौरान गंभीर से उस पोस्ट के बारे में भी पूछा गया जिसमें उन्होंने कहा था कि कुछ लोग उनके और खिलाड़ियों के बीच दरार पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं.
इस सवाल का संदर्भ कोहली और रोहित के साथ गंभीर के रिश्तों को लेकर था. साथ ही यह भी कि क्या गौतम, उन दोनों को टीम से बाहर निकलवाना चाहते थे.

इस सवाल के जवाब में गंभीर ने कहा कि गलतियां काम का हिस्सा होती हैं.
उन्होंने कहा, ‘मैं एक इनसान हूं. गलती करने की गुंजाइश होनी चाहिए. जैसे कि हर किसी को होती है एक खिलाड़ी को भी गलती करने की इजाजत होनी चाहिए. बीते 18 महीने में मैंने भी गलतियां की होंगी. मैं इस बात से इनकार नहीं करता. लेकिन मैं हमेशा एक चीज में विश्वास करता हूं. सही नीयत के साथ गलत फैसले लेने की इजाजत है लेकिन उस ड्रेसिंग रूम में गलत नीयत के साथ गलत फैसलों की इजाजत नहीं है.’
गंभीर के साथ विराट और रोहित के रिश्तों को लेकर उस वक्त खूब चर्चा हुई जब इन दोनों ने बीते साल मई में टेस्ट क्रिकेट को अलविदा कह दिया था. गंभीर और मुख्य कोच अजित अगरकर को इसके चलते काफी आलोचनाओं का सामना करना पड़ा. हालांकि इस बात की पुष्टि कभी नहीं हो पाई कि इन खिलाड़ियों को जानबूझकर टीम से बाहर किया गया है.
गंभीर ने कहा कि उनका ध्यान इस बात पर रहता है कि काम को ईमानदारी से किया जाए और खिलाड़ियों के साथ खुलकर साफ बात की जाए.
उन्होंने कहा, ‘अभी तक अपना काम ईमानदारी से किया है. अभी तक मैं ड्रेसिंग रूम में हर किसी के साथ ईमानदार रहा हूं. मैं उनकी आंख में देखकर बात कर सकता हूं. मुझे लगता है कि मैं अपना काम अच्छे से कर रहा हूं. मैं इसके साथ जी सकता हूं. सोशल मीडिया पर जो भी आता है उसमें से किसी भी और सभी पर मैं सफाई देने की जरूरत नहीं समझता.’
This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
Strictly Necessary Cookie should be enabled at all times so that we can save your preferences for cookie settings.
If you disable this cookie, we will not be able to save your preferences. This means that every time you visit this website you will need to enable or disable cookies again.
