- Home
- News
- Gautam gambhir will help create blueprint for lucknow ipl franchise sanjeev goenka 5145601
लखनऊ आईपीएल फ्रेंचाइजी के लिए 'ब्लूप्रिंट' बनाने में मदद करेंगे गौतम गंभीर: संजीव गोयनका
आरपीएसजी ग्रुप के मालिक संजीव गोयनका ने इंडियन प्रीमियर लीग की नई लखनऊ फ्रेंचाइजी को खरीदा है।
Published On Dec 19, 2021, 01:53 PM IST
Last UpdatedDec 19, 2021, 01:53 PM IST
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) की नई लखनऊ (Lucknow) फ्रेंचाइजी के मालिक संजीव गोयनका (Sanjeev Goenka) का कहना है कि दिग्गज भारतीय क्रिकेटर गौतम गंभीर (Gautam Gambhir) बतौर टीम इस फ्रेंचाइजी के लिए जीत का ‘ब्लूप्रिंट’ बनाने में मदद करेंगे। बता दें कि शनिवार को ही आरपीएसजी (RPSG) ग्रुप के मालिक गोयनका ने गंभीर को लखनऊ फ्रेंचाइजी का मेंटोर बनाए जाने का ऐलान किया था।
टाइम्स ऑफ इंडिया से बातचीत में गोएनका ने कहा, “गौतम की भूमिका प्रमुख रूप से प्रेरित करने की होगी। साथ ही वो टीम के लिए एक लंबे समय तक का ब्लूप्रिंट तैयार करेगा। हम ऐसे लोग चाहते थे जिनके पास लंबे समय तक सफल होने का रिकॉर्ड हो। गौतम ने कोलकाता नाइट राइडर्ड में कई युवा खिलाड़ियों को तैयार किया है और वही चीज उनके पक्ष में गई।”
पूर्व भारतीय सलामी बल्लेबाज ने अपनी अगुवाई में कोलकाता नाइट राइडर्स फ्रेंचाइजी को दो आईपीएल खिताब जिताए हैं। वो अब लखनऊ फ्रेंचाइजी में जिम्बाब्वे के पूर्व क्रिकेटर एंडी फ्लॉवर के साथ काम करेंगे जो टीम के प्रमुख कोच होंगे।
गोएनका ने कहा, “नतीजे पर ध्यान देने के साथ गौतम की एक पूरी तरह से गैर-पक्षपाती लीडर होने की छवि है। देखिए उन्होंने केकेआर के लिए क्या किया। मूल रूप से हम चाहेंगे कि ड्रेसिंग रूम को प्रदर्शन के कल्चर के अनुकूल बनाया जाए।”
याद दिला दें कि गोयनका के आरएसपीजी ग्रुप ने लखनऊ से पहले आईपीएल की पुणे फ्रेंचाइजी को भी खरीदा था लेकिन गोएनका का कहना है कि इस बार स्थिति पहले से कहीं अलग है।
उन्होंने कहा, “वो केवल दो साल का समय था। हम बैचेन थे और कई चीजें अधूरी छूट गईं। ये (लखनऊ फ्रेंचाइजी) लंबे समय के लिए है चूंकि पहले ही साल में ज्यादातर फ्रेंचाइजियों को खास सफलता नहीं मिलती है।”