- Home
- News
- Gavaskar said West Indies tour was ideal opportunity to look young cricketers and give break to the senior
'रोहित-विराट को टेस्ट क्रिकेट से दी जाए छुट्टी', वेस्टइंडीज टूर को लेकर ये क्या बोल गए गावस्कर?
सुनील गावस्कर ने कहा है कि वेस्टइंडीज दौरा चयनकर्ताओं के लिए युवा क्रिकेटरों की ओर देखने और डब्ल्यूटीसी के अगले चक्र को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ क्रिकेटरों को ब्रेक देने का अच्छा मौका था.
Published On Jun 25, 2023, 10:13 AM IST
Last UpdatedJun 25, 2023, 10:13 AM IST
WTC फाइनल में ऑस्ट्रेलिया के हाथों भारत की करारी हार के बाद चेतेश्वर पुजारा और उमेश यादव को वेस्टइंडीज के खिलाफ दो मैचों की टेस्ट सीरीज से बाहर कर दिया गया जबकि तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी को आराम दिया गया. हालांकि, भारत के महान क्रिकेटर सुनील गावस्कर सिलेक्शन कमेटी के इस फैसले से खुश नहीं हैं. गावस्कर ने कहा है कि वेस्टइंडीज दौरा चयनकर्ताओं के लिए युवा क्रिकेटरों की ओर देखने और डब्ल्यूटीसी के अगले चक्र को ध्यान में रखते हुए वरिष्ठ क्रिकेटरों को ब्रेक देने का अच्छा मौका था.
गावस्कर ने इंडिया टुडे से बातचीत में कहा, “क्रिकेटरों की अगली कतार को देखने और परखने का बहुत अच्छा मौका था. क्योंकि अगर कोई दौरा था जहां आप कुछ तरह के प्रयोग कर सकते थे तो वह वेस्टइंडीज था. वेस्टइंडीज अब पहले जैसी ताकत नहीं हैं. इसलिए, युवा खिलाड़ियों को आजमाने का बेहतरीन मौका था.”
गावस्कर ने विशेष रूप से किसी क्रिकेटर का नाम नहीं लिया लेकिन यह स्पष्ट था कि वह कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली के बारे में बात कर रहे थे, जो ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू सीरीज के बाद से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं.
रोहित और कोहली दोनों इस साल अक्टूबर-नवंबर में होने वाले वनडे वर्ल्ड कप में भारत के लिए महत्वपूर्ण खिलाड़ी होंगे. गावस्कर ने आगे कहा, “डब्ल्यूटीसी बीत चुका है, हम वहां चूक गए लेकिन अगली बड़ी चीज वनडे वर्ल्ड कप है. मैं पसंद करूंगा कि बड़े खिलाड़ियों को टेस्ट क्रिकेट से पूरी तरह छुट्टी दे दी जाए. केवल 50-ओवर प्रारूप को देखें और शायद T20 को भी क्योंकि यह छोटा संस्करण है. मैं केवल यही चाहता था कि वे सफेद गेंद वाले क्रिकेट पर ध्यान केंद्रित करें. वे पिछले साल अक्टूबर-नवंबर से लगातार क्रिकेट खेल रहे हैं. चोट के ब्रेक के अलावा, उन्हें वास्तव में लंबा ब्रेक नहीं मिला है. इसलिए उन्हें रेड-बॉल क्रिकेट से पूरी तरह छुट्टी दें. यह निश्चित है कि 50 ओवर का वर्ल्ड कप कौन खेलेगा. आपने शमी को ब्रेक दिया है तो शायद बाकियों को भी.”
पूर्व सलामी बल्लेबाज ने कहा, “उन्हें जुलाई के अंत तक छुट्टी दें. अब जाहिर तौर पर यह टीम 1 और 2 जुलाई को वॉर्म-अप मैचों के लिए जाने वाली है. इसलिए उन्हें बमुश्किल 20 दिन का अवकाश मिलेगा. उन्हें 40 दिन का समय क्यों नहीं दिया गया? ताकि वे सफेद गेंद के प्रारूपों के लिए पूरी तरह से तरोताजा होकर वापस आएं. वेस्टइंडीज के इस दौरे से सीनियर खिलाड़ियों को कोई फायदा नहीं होने वाला है.”