Akhilesh Tripathi
पत्रकारिता में करियर की शुरुआत साल 2013 मेंआर्यन टीवी (पटना) से हुई, फिर ईनाडु डिजीटल (ईटीवी हैदराबाद) में लगभग ...Read More
Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 9, 2026 2:46 PM IST

सलामी बल्लेबाज जॉर्ज मुन्से के आक्रामक अर्धशतक और माइकल लीस्क के ऑलराउंड खेल से स्कॉटलैंड ने आईसीसी टी20 विश्व कप के ग्रुप सी मैच में सोमवार को यहां इटली को 73 रन से रौंदकर पहली जीत दर्ज की. स्कॉटलैंड के 208 रन के बड़े लक्ष्य का पीछा करते हुए इटली की टीम ऑफ स्पिनर लीस्क (17 रन पर चार विकेट) के करियर की सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी के सामने बेन मानेंती (52) के अर्धशतक और हैरी मानेंती (37) के साथ उनकी चौथे विकेट की 73 रन की साझेदारी के बावजूद 16.4 ओवर में 134 रन पर सिमट गई. मार्क वाट ने भी 24 रन देकर दो विकेट चटकाए.
स्कॉटलैंड ने इससे पहले बाएं हाथ के बल्लेबाज मुन्से की 54 गेंद में दो छक्कों और 14 चौकों से 84 रन की पारी और माइकल जोन्स (37) के साथ पहले विकेट की उनकी 126 रन की साझेदारी से चार विकेट पर 207 रन बनाए और मौजूदा टूर्नामेंट में 200 रन के आंकड़े को पार करने वाली पहली टीम बनी थी. ब्रैंडन मैकमुलेन (नाबाद 41, 18 गेंद, चार छक्के) और लीस्क (नाबाद 22, पांच गेंद, दो छक्के, दो चौके) ने अंत में ताबड़तोड़ बल्लेबाजी की, लीस्क ने अंतिम ओवर में थॉमस ड्रेका पर दो छक्के और दो चौके से 22 रन जुटाए.
इटली को मैच की शुरुआत में ही झटका लगा जब चौथे ओवर में कप्तान वेन मेडसन के बाएं कंधे में चोट लगी और उन्हें मैदान से बाहर जाना पड़ा। वह मैच में आगे हिस्सा नहीं ले पाए. पिछले साल जुलाई में यूरोपीय क्वालीफायर में चार मैच में इटली के खिलाफ एकमात्र हार के बाद स्कॉटलैंड की टीम विश्व कप में सीधे जगह बनाने से चूक गई थी, बांग्लादेश के सुरक्षा कारणों से भारत में खेलने से इनकार करने के बाद स्कॉटलैंड को प्रतियोगिता में जगह मिली थी.
लक्ष्य का पीछा करने उतरे इटली ने पहली ही गेंद पर जस्टिन मोस्का का विकेट गंवा दिया जिनका लीस्क की गेंद पर बैकवर्ड प्वाइंट पर मुन्से ने शानदार कैच लपका. जेजे स्मट्स (22) ने लीस्क पर चौके से खाता खोलने के बाद ब्रेड व्हील की लगातार गेंदों पर दो छक्के और एक चौका मारा लेकिन ब्रेड क्यूरी की गेंद पर स्कॉटलैंड के कप्तान रिची बेरिंगटन को कैच दे बैठे. एंथोनी मोस्का भी 13 रन बनाने के बाद मार्क वाट का शिकार बने।
इटली ने पावर प्ले में तीन विकेट पर 54 रन बनाए. मानेंती बंधुओं हैरी और बेन ने इसके बाद पारी को संभाला, हैरी ने ओलिवर डेविडसन पर दो छक्के मारने के बाद मैकमुलेन की गेंद को भी दर्शकों के बीच पहुंचाया. इटली के रनों का शतक 11 ओवर में पूरा हुआ. बेन ने वाट पर लगातार दो चौके मारे लेकिन हैरी लीस्क की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने की कोशिश में लॉन्ग ऑफ पर मुन्से को कैच दे बैठे, उन्होंने 25 गेंद का सामना करते हुए तीन छक्के और एक चौका मारा.
हैरी ने डेविडसन पर छक्के के साथ 29 गेंद में अर्धशतक पूरा किया और विश्व कप में यह उपलब्धि हासिल करने वाले इटली के पहले खिलाड़ी बने, वह हालांकि एक गेंद बाद लॉन्ग ऑफ पर जोन्स को कैच दे बैठे, उन्होंने 31 गेंद की अपनी पारी में पांच चौके और एक छक्का मारा. लीस्क ने ग्रांट स्टीवर्ट (02) और जियान पियरो मीडे (00) को पवेलियन भेजा. इटली को अंतिम पांच ओवर में 77 रन की दरकार थी लेकिन जल्द की उसकी पारी सिमट गई.
इससे पहले मेडसन ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया. मुन्से शुरुआत से ही लय में नजर आए. उन्होंने पहले ही ओवर में अली हसन पर लगातार दो चौके मारे. इटली के गेंदबाजों ने शॉर्ट और बाहर की तरफ गेंदें फेंकीं जिनका मुन्से ने पूरा फायदा उठाया. मुन्से का 41 रन पर एंथोनी मोस्का ने कवर पर कैच छोड़ा जिसका फायदा उठाकर उन्होंने बेन के खिलाफ छक्का लगाकर सिर्फ 30 गेंद में अपना 14वां टी20 अर्धशतक पूरा किया.
शुरुआत में सतर्क रवैया अपनाने वाले जोन्स ने भी लय पकड़ी जिससे स्कॉटलैंड ने 10 ओवर में बिना किसी नुकसान के 91 रन बनाए. इटली को 14वें ओवर में पहली सफलता मिली जब स्टीवर्ट ने विश्व कप में अपना पहला विकेट लिया। मुन्से ने लॉन्ग ऑन पर हैरी को कैच थमाया. जोन्स भी अगले ओवर में जेजे स्मट्स की गेंद पर हैरी को कैच दे बैठे जिसके बाद मैकमुलेन और लीस्क ने टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया.
इनपुट- भाषा
T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/
This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
Strictly Necessary Cookie should be enabled at all times so that we can save your preferences for cookie settings.
If you disable this cookie, we will not be able to save your preferences. This means that every time you visit this website you will need to enable or disable cookies again.
