add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

जॉर्जिया वॉल के शतक से भारतीय महिला टीम को मिली हार, ऑस्ट्रेलिया ने लगातार 12वीं वनडे सीरीज जीती

दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 252 का लक्ष्य मिला था जिसे ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 27, 2026 5:12 PM IST

INDW VS AUSW: जॉर्जिया वॉल के शतक की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे वनडे मैच में भारत को पांच विकेट से हरा दिया. इस जीत के साथ ऑस्ट्रेलिया ने तीन मैचों की वनडे सीरीज पर कब्जा कर लिया है. ऑस्ट्रेलिया को सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त हासिल हुई है. सीरीज का तीसरा मैच 01 मार्च को खेला जाएगा. इससे पहले टी-20 सीरीज में ऑस्ट्रेलिया को हार का सामना करना पड़ा था.

दूसरे वनडे मैच में ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 252 का लक्ष्य मिला था जिसे ऑस्ट्रेलिया ने पांच विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया ने इस जीत के साथ भारत के खिलाफ द्विपक्षीय वनडे सीरीज में अपना शानदार रिकॉर्ड जारी रखा. ऑस्ट्रेलिया ने अभी तक भारत के खिलाफ सभी 12 द्विपक्षीय वनडे सीरीज जीती हैं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

फोएबे लिचफिल्ड और जॉर्जिया वॉल के बीच शतकीय साझेदारी

252 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत खराब रही थी. अपना आखिरी सीरीज खेल रही कप्तान एलिसा हीली सिर्फ 6 रन बनाकर 21 के स्कोर पर पहले विकेट के रूप में आउट हुईं. इसके बाद दूसरे विकेट के लिए फोएबे लिचफिल्ड और जॉर्जिया वॉल ने 119 रन की साझेदारी की. लिचफिल्ड 62 गेंद पर 1 छक्के और 11 चौके की मदद से 80 रन बनाकर आउट हुईं.

जॉर्जिया वॉल ने जड़ा शतक

जॉर्जिया ने बेथ मूनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 82 रन की साझेदारी की. जॉर्जिया ने बेहतरीन शतक लगाया. वह 82 गेंदों पर एक छक्का और 13 चौकों की मदद से 101 रन बनाकर आउट हुईं. बेथ मूनी ने 34 गेंद पर 31 और एनाबेल सदरलैंड ने 12 गेंद पर 10 रन बनाए. एश्ले गार्डनर 14 गेंद पर 19 और ताहिलिया मैकग्राथ शून्य पर नाबाद रहीं. ऑस्ट्रेलिया ने 36.1 ओवर में 5 विकेट के नुकसान पर 252 रन बनाकर मैच 5 विकेट से जीत लिया और सीरीज में 2-0 की अजेय बढ़त बना ली. भारतीय टीम के लिए काश्वी गौतम और दीप्ति शर्मा ने दो-दो, जबकि क्रांति गौड़ ने एक विकेट लिए.

भारत ने टॉस जीतकर चुनी थी बल्लेबाजी

इससे पहले भारतीय टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 9 विकेट के नुकसान पर 251 रन बनाए. टीम इंडिया की शुरुआत अच्छी रही थी. प्रतीका रावल और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए 78 रन की साझेदारी की. मंधाना 37 गेंद पर 4 चौकों की मदद से 31 रन बनाकर आउट हुईं। जेमिमा रोड्रिग्स भी मात्र 11 रन बनाकर आउट हो गईं, इसके बाद तीसरे विकेट के रूप में प्रतीका 52 और चौथे विकेट के रूप में दीप्ति शर्मा 1 रन बनाकर पवेलियन लौटीं.

हरमनप्रीत कौर ने जड़ा अर्धशतक

103 रन पर 4 विकेट गंवाकर मुश्किल में फंसी भारतीय टीम को कप्तान हरमनप्रीत कौर ने संभाला और छोटी-छोटी साझेदारियां करते हुए टीम का स्कोर 9 विकेट पर 251 तक पहुंचाने में बड़ी भूमिका निभाई. हरमन आठवें विकेट के रूप में आउट हुईं. दाएं हाथ की इस अनुभवी बल्लेबाज ने 70 गेंदों पर 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 54 रन की पारी खेली. अमनजोत कौर ने 13, ऋचा घोष ने 22, काश्वी गौतम ने 25 और क्रांति गौड़ ने 19 रन का योगदान दिया. अपना डेब्यू कर रही वैष्णवी शर्मा 5 गेंदों पर 10 रन बनाकर नाबाद रहीं.

ऑस्ट्रेलिया के लिए एश्ले गार्डनर और अलाना किंग ने और एनाबेल सदरलैंड ने दो-दो विकेट लिए. मेगन स्कट और निकोला कैरी को एक-एक सफलता मिली.

हरमनप्रीत कौर ने खराब बल्लेबाजी को ठहराया जिम्मेदार

भारतीय महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने शुक्रवार को स्वीकार किया कि ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले दो वनडे में खराब बल्लेबाजी की वजह से उन्हें लगातार हार का सामना करना पड़ा. पिछले साल नवंबर में विश्व चैंपियन बनने के बाद यह भारतीय टीम की पहली 50 ओवर की सीरीज है. हरमनप्रीत ने कहा, हमने अच्छी बल्लेबाजी नहीं की, एक समूह के तौर पर हमने तय किया कि पहले बल्लेबाजी करते हैं और 300 से ज्यादा का स्कोर बनाएंगे क्योंकि पिच पिछले मैच की पिच से कहीं बेहतर थी. उन्होंने कहा, लेकिन बदकिस्मती से हमने फिर वही गलतियां कीं, हमने लगातार विकेट गंवाए और ज्यादा रन नहीं बना पाए.