add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

IPL 2026: खत्म हुआ कन्फ्यूजन, चिन्नास्वामी स्टेडियम को आईपीएल मैचों की मेजबानी के लिए हरी झंडी

पिछले साल जून में RCB के ट्रॉफी समारोह के दौरान भगदड़ की घटना हुई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हो गए थे.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - March 16, 2026 5:26 PM IST

आईपीएल 2026 का ओपनिंग मैच 28 मार्च को आरसीबी और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला जाना है. यह मुकाबला बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है. मैच से पहले वेन्यू को लेकर सस्पेंस बना हुआ था, मगर इसे लेकर अब बड़ा फैसला आ गया है. कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ को कर्नाटक सरकार से बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में इंडियन प्रीमियर लीग के मैच आयोजित करने की आधिकारिक अनुमति मिल गई है.

रिपोर्ट के मुताबिक विशेषज्ञ समिति, जो 13 मार्च को निरीक्षण और एक मॉक प्रदर्शन के बाद वेन्यू पर किए गए बुनियादी ढांचे में बदलावों से संतुष्ट थी, जिसके बाद सरकार ने KSCA को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में IPL मैच आयोजित करने के लिए हरी झंडी दे दी.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

‘IPL मैचों के आयोजन के लिए औपचारिक रूप से मंजूरी’

KSCA ने एक मीडिया रिलीज़ में कहा, हमें यह बताते हुए खुशी हो रही है कि विशेषज्ञ समिति ने अपनी रिपोर्ट पेश की, जिसमें एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में की गई तैयारियों और अनुपालन उपायों का विवरण दिया गया था. विशेषज्ञ समिति की सिफारिशों के आधार पर और व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा करने के बाद, गृह मंत्री ने बेंगलुरु के प्रतिष्ठित एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में आने वाले IPL मैचों के आयोजन के लिए औपचारिक रूप से मंजूरी दे दी है.

यह मंजूरी राज्य के अधिकारियों, KSCA और RCB के बीच स्टेडियम में ज़्यादा भीड़ वाले खेल आयोजनों के संचालन के संबंध में हुई चर्चाओं के बाद मिली है. बता दें कि पिछले साल जून में RCB के ट्रॉफी समारोह के दौरान भगदड़ की घटना हुई थी, जिसमें 11 लोगों की मौत हुई थी और कई लोग घायल हो गए थे.

लीग स्टेज में बेंगलुरु में खेले जाएंगे पांच मैच

सीजन के शुरुआती मैच सहित चिन्नास्वामी स्टेडियम RCB के कुल पांच घरेलू मैचों की मेज़बानी करेगा, जबकि टीम अपने शेष दो घरेलू मैच रायपुर में खेलेगी. इसके अलावा यहां एक प्लेऑफ मैच और फाइनल मैच भी खेला जाएगा. RCB ने पहले घोषणा की थी कि वह अपने सात घरेलू मैचों में से पांच बेंगलुरु में खेलेगी, जबकि दो मैच रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले जाएंगे.