×

ऑक्शन में मिली थी मोटी रकम, WPL 2026 से बाहर हुई यह स्टार खिलाड़ी

पिछले तीन सीजन उन्होंने मुंबई इंडियंस की ओर से खेले हैं. इस दौरान उन्होंने 18.74 की औसत के साथ 506 रन बनाए हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - November 30, 2025 7:19 PM IST

महिला प्रीमियर लीग 2026 का आयोजन 09 जनवरी से होना है. नौ जनवरी को टूर्नामेंट के ओपनिंग मैच में आरसीबी और मुंबई इंडियंस की टीम आमने-सामने होगी. टूर्नामेंट से पहले गुजरात टाइटंस को झटका लगा है. टीम की स्टार खिलाड़ी WPL 2026 से बाहर हो गई है.

भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया को महिला प्रीमियर लीग 2026 के ऑक्शन में गुजरात जायंट्स ने खरीदा था. यास्तिका भाटिया के नाम पर पहली बोली (30 लाख) गुजरात जायंट्स ने लगाई थी, इसके बाद यूपी वॉरियर्स ने इस बोली को 5 लाख रुपये तक बढ़ाया, गुजरात ने इसका जवाब देते हुए बोली को 40 लाख रुपये तक पहुंचा दिया. इस बीच बोली में यूपी वॉरियर्स कूद गई, इस टीम ने 45 लाख रुपये की बोली लगाई,लेकिन आखिरकार गुजरात जायंट्स ने 50 लाख रुपये में यास्तिका को अपनी टीम के साथ जोड़ने में कामयाबी हासिल की. हालांकि यास्तिका भाटिया ने महिला प्रीमियर लीग 2026 से बाहर होने की पुष्टि की है.

गुजरात जायंट्स के साथ जुड़कर खुश हूं: यास्तिका

फिटनेस, देशभक्ति और एकता का संदेश देने के लिए रविवार को अदाणी ग्रुप ने ‘रन फॉर अवर सोल्जर’ थीम के तहत मैराथन दौड़ का आयोजन किया. इस मैराथन में हिस्सा लेने के लिए कई नामी हस्तियां शामिल हुईं, इनमें भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विकेटकीपर-बल्लेबाज यास्तिका भाटिया भी शामिल रहीं. यास्तिका ने गुजरात की टीम से जुड़ने पर खुशी जताई है. उन्होंने कहा, मैं वडोदरा की रहने वाली हूं, मुझे गुजरात जायंट्स ने अपने साथ जोड़ा,जिसकी खुशी है, यह मेरे लिए गर्व की बात है.

मैं इस साल शायद नहीं खेल सकूं: यास्तिका

उन्होंने कहा, शायद मैं इस साल नहीं खेल सकूं,लेकिन फ्रेंचाइजी ने जिस तरह मुझ पर भरोसा जताया,उसके लिए मैं आभारी हूं, मैं जब भी गुजरात जायंट्स का प्रतिनिधित्व करूंगी,अपना शत प्रतिशत दूंगी, उम्मीद है कि हम ट्रॉफी अपने नाम करेंगे, ऑक्शन बहुत अच्छा रहा है, खिलाड़ी इस वक्त शानदार फॉर्म में हैं, डब्ल्यूपीएल 2026 बेहद रोमांचक रहेगा.

WPL में बनाए हैं 500 से ज्यादा रन

यास्तिका भाटिया ने अपने पिछले तीन सीजन मुंबई इंडियंस की ओर से खेले हैं. इस दौरान यास्तिका ने 18.74 की औसत के साथ 506 रन बनाए. यास्तिका दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ 57 रन की पारी खेल चुकी हैं. टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में यास्तिका भाटिया के प्रदर्शन को देखा जाए, तो उन्होंने 19 टी20 मुकाबलों में 16.46 की औसत के साथ 214 रन बनाए हैं. इस दौरान उन्होंने 5 कैच लपकने के अलावा 8 स्टंपिंग भी कीं. यास्तिका 28 वनडे मुकाबलों में 666 रन बना चुकी हैं, जबकि 3 टेस्ट मुकाबलों में उनके नाम 98 रन हैं.

TRENDING NOW

वनडे वर्ल्ड कप से बाहर हुईं थी यास्तिका

24 साल के यास्तिका भाटिया इस साल सितंबर महीने की शुरुआत में उन्हें विशाखापट्टनम में प्रैक्टिस के दौरान चोट लग गई थी.उनके बाएं घुटने में चोट लगी जिसके बाद उन्हें सर्जरी करानी पड़ी. इसके बाद वह वनडे वर्ल्ड कप से बाहर हो गईं थी.