- Home
- News
- Hamstring injury minor but elbow injury is bothering kane williamson before t20 world cup 5054918
टी20 विश्व कप से पहले बोले विलियमसन- हैंमस्ट्रिंग इंजरी मामूली लेकिन कोहनी की चोट कर रही है परेशान
टी20 विश्व कप 17 अक्टूबर से शुरू होगा लेकिन न्यूजीलैंड अपना पहला मैच 26 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा।
Published On Oct 15, 2021, 08:49 AM IST
Last UpdatedOct 15, 2021, 08:49 AM IST
न्यूजीलैंड के कप्तान केन विलियमसन (Kane Williamson) ने टी20 विश्व कप के अपने से पहले अपनी फिटनेस से जुड़ी चिंताओं को खास तवज्जो ना देते हुए कहा कि उनकी जांघ की मांसपेशियों में खिंचाव (हैमस्ट्रिंग की चोट) मामूली है लेकिन कोहनी की हल्की चोट से उन्हें ग्रिप बनाने में परेशानी हो रही है।
टी20 विश्व कप 17 अक्टूबर से शुरू होगा लेकिन न्यूजीलैंड अपना पहला मैच 26 अक्टूबर को पाकिस्तान के खिलाफ खेलेगा। न्यूजीलैंड के कोच गैरी स्टीड ने एक दिन पहले कहा था कि वह विलियमसन के पूरी तरह फिट होने को लेकर आश्वस्त हैं और कीवी कप्तान ने भी यही बात दोहराई। उन्होंने हालांकि स्वीकार किया कि कोहनी की चोट की प्रगति धीमी है जिसके कारण वो पिछले कुछ समय से परेशान हैं।
विलियमसन ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘ये मामूली चोट है, मैं अच्छा हूं। प्रगति अच्छी है। किसी तरह की चिंता नहीं है। इसकी प्रगति थोड़ी धीमी रही। लंबे समय तक यह काफी निराशाजनक रहा। विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के बाद हालांकि पिछले दो महीनों में इसमें निश्चित रूप से थोड़ा सुधार हुआ है। लेकिन इससे मुझे ग्रिप बनाने में थोड़ी परेशानी हो रही है।’’
अपनी टीम की तैयारियों के बारे में विलियमसन ने कहा कि पूर्व तेज गेंदबाज शेन बांड का सहयोगी स्टाफ में होना बहुत अच्छा है। मुंबई इंडियन्स के गेंदबाजी कोच बांड को विशेष तौर पर स्पिनरों की मदद करने के लिये कीवी टीम से जोड़ा गया है।
विलियमसन ने कहा, ‘‘उनके (बांड) पास अपार अनुभव है और विशेषकर मुंबई इंडियन्स के साथ रहने के कारण उन्हें यहां (यूएई) का अच्छा अनुभव है और उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी जाती है वो उसे अच्छी तरह से निभाते हैं। वो हमारे गेंदबाजी कोच की हर संभव मदद करेंगे और उनका टीम के साथ होना काफी अच्छा है।’’
पहली आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप जीतने वाला न्यूजीलैंड अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद की प्रतियोगिताओं में छुपे रुस्तम के रूप में उतरता है लेकिन विलियमसन के लिए ये मायने नहीं रखता।
उन्होंने कहा, ‘‘मेरे कहने का मतलब है कि हर टीम पर इस तरह के लेबल लगाये जाते हैं, इसलिए यह अच्छा है। हर टीम में मैच विजेता हैं और कोई भी किसी को हरा सकता है इसलिए नि:संदेह यह दर्शकों के लिये रोमांचक होगा।’’