×

नेता के क्रिकेटर बेटे को डांटने पर छिनी कप्तानी...हनुमा विहारी ने किया बड़ा खुलासा

हनुमा विहारी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, मैने व्यक्तिगत तौर पर खिलाड़ी से कभी कुछ नहीं कहा.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 26, 2024 5:24 PM IST

रणजी ट्रॉफी के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में आंध्र प्रदेश की टीम को मध्य प्रदेश के हाथों हार का सामना करना पड़ा. रणजी ट्रॉफी के इस सीजन के पहले मैच के बाद अचानक हनुमा विहारी को आंध्र की कप्तानी से हटा दिया गया था. टीम के रणजी ट्रॉफी नॉकआउट से बाहर होने के बाद हनुमा विहारी ने बड़ा खुलासा किया है. हनुमा विहारी ने कहा है कि नेता के बेटे पर ऊपर चिल्लाने के बाद उन्हें अचानक कप्तानी से हटाया गया. विहारी ने सोशल मीडिया पर अपना दर्द जाहिर किया है. हनुमा विहारी की जगह रिकी भुई को आंध्र का कप्तान बनाया गया है.

हनुमा विहारी ने इंस्टाग्राम पर लिखा, बंगाल के खिलाफ पहले गेम में मैं कप्तान था, उस गेम के दौरान मैं 17वें खिलाड़ी पर चिल्लाया और उसने अपने पिता (जो एक राजनेता हैं) से शिकायत की, बदले में उसके पिता ने एसोसिएशन से मेरे खिलाफ कार्रवाई करने के लिए कहा. हालांकि, हमने पिछले साल फाइनलिस्ट बंगाल के खिलाफ 410 रन का पीछा किया था, लेकिन मुझे बिना किसी गलती के कप्तानी से इस्तीफा देने के लिए कहा गया.

विहारी ने एसोसिएशन पर साधा निशाना

उन्होंने आगे लिखा, मैने व्यक्तिगत तौर पर खिलाड़ी से कभी कुछ नहीं कहा लेकिन एसोसिएशन ने सोचा कि वह खिलाड़ी उस व्यक्ति से अधिक महत्वपूर्ण है जिसने पिछले साल अपना शरीर दांव पर लगा दिया और बाएं हाथ से बल्लेबाजी की, पिछले सात सालों में आंध्र को 5 बार नॉकआउट किया और भारत के लिए 16 टेस्ट खेले.

अब मैं आंध्र के लिए नहीं खेलूंगा: हनुमा

विहारी ने कहा, मुझे शर्मिंदगी महसूस हुई लेकिन इस सीजन में खेलना जारी रखने का एकमात्र कारण यह था कि मैं खेल और अपनी टीम का सम्मान करता हूं. दुखद बात यह है कि एसोसिएशन का मानना है कि खिलाड़ी जो भी कहते हैं उन्हें सुनना पड़ता है और खिलाड़ी उनकी वजह से ही वहां हैं. मुझे अपमानित और शर्मिंदगी महसूस हुई लेकिन मैंने इसे आज तक जाहिर नहीं किया है. मैंने फैसला किया है कि मैं आंध्र के लिए कभी नहीं खेलूंगा जहां मैंने अपना आत्मसम्मान खो दिया है. मुझे टीम से प्यार है. जिस तरह से हम हर सीजन में बढ़ रहे हैं, मुझे वह पसंद है लेकिन एसोसिएशन नहीं चाहती कि हम आगे बढ़ें

पृथ्वी राज ने हनुमा विहारी को दिया जवाब

हनुमा विहारी ने इस पोस्ट में हालांकि किसी का नाम नहीं लिया, मगर टीम के खिलाड़ी पृथ्वी राज ने इंस्टाग्राम पर स्टोरी शेयर की है, जिसमें उन्होंने हनुमा विहारी को जवाब दिया है. उन्होंने लिखा है कि मैं वही आदमी हूं जिसे आप उस कमेंट बॉक्स में खोज रहे हैं, आप लोगों ने जो कुछ भी सुना वह बिल्कुल झूठ है, खेल से बढ़कर कोई नहीं है और मेरा स्वाभिमान किसी भी चीज से बहुत बड़ा है. किसी भी प्लेटफॉर्म पर व्यक्तिगत हमले और अभद्र भाषा स्वीकार नहीं की जा सकती है. टीम का हर खिलाड़ी जानता है कि उस दिन क्या हुआ था.