- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Happy Birthday Rahane: Three Best Knocks By Ajinkya Rahane
Happy Birthday Rahane: रहाणे की 3 बेहतरीन पारियां जिनके दम पर भारत ने विदेशी धरती पर बजाया डंका
अजिंक्य रहाणे को भारतीय टेस्ट टीम की रीढ़ माना जाता है और 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भारतीय टीम ने उनकी ही कप्तानी में टेस्ट सीरीज जीतकर इतिहास रचा था।
Published On Jun 06, 2022, 01:11 PM IST
Last UpdatedJun 06, 2022, 01:11 PM IST
Twitter/Virender Sehwag
नई दिल्ली। भारतीय क्रिकेट टीम ने पिछले एक दशक में विदेशी धरती पर जो भी कमाल किया हैं उसमें बहुत बड़ा योगदान अंजिक्य रहाणे का रहा है। रहाणे को भारतीय टेस्ट टीम की रीढ़ माना जाता है और उनकी कप्तानी में ही टीम इंडिया ने 2020-21 में ऑस्ट्रेलिया की धरती पर टेस्ट सीरीज अपने नाम करते हुए इतिहास रचा था। मौजूदा टीम इंडिया में रहाणे की गिनती कलात्मक और धैर्यवान बल्लेबाज के रुप में होती है और यही वजह है कि जब-जब टीम इंडिया को विदेशी सरजमीं पर मुश्किल आई तो उनके बल्ले से कमाल की पारियां निकली। आइए जानते हैं रहाणे के करियर की कुछ खास और कमाल पारियों के बारे में…….
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 112 रनों की पारी (मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड)
रहाणे के करियर की ये खास सीरीज थी। इस सीरीज का पहला मुकाबला एडिलेड में खेला गया जहां टीम इंडिया दूसरी पारी में में महज 36 रनों पर ढेर हो गई और इस तरह टीम को 8 विकेट से शर्मनाक हार का सामना करना पड़ा। इसके बाद मेलबर्न में खेले गए दूसरे टेस्ट में बतौर कप्तान रहाणे के बल्ले से 112 रनों की पारी निकली। रहाणे ने इस पारी में 223 रनों का सामना किया और 12 चौके जड़े। उनकी ये पारी ऐसे समय में आई जब टीम इंडिया ने 64 रन के स्कोर पर 3 विकेट गवां दिए थे। इस मैच में भारत ने न केवल 8 विकेट से फतह हासिल की बल्कि सीरीज के आखिरी टेस्ट में भी कमाल करते हुए ऑस्ट्रेलिया को 3 विकेट से हराया। इस तरह रहाणे की कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया में दूसरी बार टेस्ट सीरीज जीतने का इतिहास रच दिया।
इंग्लैंड के खिलाफ 103 रनों की पारी (लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड)
क्रिकेट का मक्का कहे जाने वाले लॉर्ड्स क्रिकेट ग्राउंड में शतक लगाने का सपना हर बल्लेबाज देखता है। रहाणे का ये सपना पूरा हुआ साल 2014 में जब उन्होंने मेजबान इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरे टेस्ट की पहली पारी में शानदार 103 रनों की पारी खेली जिसके दम पर भारत ने 295 रन स्कोरबोर्ड पर लगाए। इसके बाद भारतीय गेंदबाजों ने कमाल की गेंदबाजी करते हुए इंग्लैंड को पहली पारी में 319 रनों पर रोक दिया। भारत ने दूसरी पारी में 342 रन बनाते हुए इंग्लैंड को 229 रन पर समेट दिया। इस तरह टीम इंडिया 95 रनों से मैच जीतने में कामयाब रही।
ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 147 रनों की पारी (मेलबर्न क्रिकेट ग्राउंड)
साल 2014 में बॉक्सिंग डे टेस्ट मैच खेला जा रहा था और पहली पारी में ऑस्ट्रेलिया भारतीय गेंदबाजों के खिलाफ 530 रनों का विशाल स्कोर खड़ा कर चुकी थी। इस मुश्किल घड़ी में रहाणे ने विराट कोहली के साथ 216 रनों की शानदार साझेदारी करते हुए बहुमूल्य 147 रनों की पारी खेली और टीम का स्कोर 465 रनों तक पहुंचाया। हालांकि दूसरी पारी में भारत 200 रनों के भीतर ऑलआउट हो गई लेकिन रहाणे की ये पारी मैच को ड्रॉ कराने में सफल रही।