×

एक ओवर में 05 छक्के, 69 बॉल में शतक, हार्दिक पांड्या ने धुआं-धुआं कर दिया

हार्दिक पांड्या अपने 119वें मैच में लिस्ट ए में अपना पहला शतक जमाने में सफल रहे. उन्होंने अपनी पारी में कुल मिलाकर 11 छक्के और आठ चौके लगाए.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - January 3, 2026 5:40 PM IST

Hardik Pandya Century: भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या का शानदार फॉर्म जारी है. पांड्या ने अपनी आक्रामक बल्लेबाजी का शानदार नमूना पेश करते हुए शनिवार को विजय हजारे ट्रॉफी के मैच में बड़ौदा की तरफ से खेलते हुए विदर्भ के खिलाफ 93 गेंदों में 133 रन बनाए, जिसमें एक ओवर में लगाए गए पांच छक्के शामिल है.

बड़ौदा का स्कोर एक समय छह विकेट पर 136 रन था लेकिन इसके बाद हार्दिक ने अपना कमाल दिखाया. उन्होंने अपनी पारी में कुल मिलाकर 11 छक्के और आठ चौके लगाए.

लिस्ट ए में जड़ा अपना पहला शतक

इस प्रतियोगिता में अपना पहला मैच खेल रहे हार्दिक ने सातवें नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए तूफानी पारी खेली. हार्दिक पांड्या अपने 119वें मैच में लिस्ट ए में अपना पहला शतक जमाने में सफल रहे. उनकी इस पारी की मदद से बड़ौदा ने नौ विकेट पर 293 रन का प्रतिस्पर्धी स्कोर बनाया.

पार्थ रेखाडे के ओवर में पांच छक्के सहित 34 रन बटोरे

हार्दिक ने 39वें ओवर में विदर्भ के स्पिनर पार्थ रेखाडे को निशाना बनाया. उन्होंने इस ओवर में कुल 34 रन बटोरे, जिसमें पांच छक्के और एक चौका शामिल था. उन्होंने पहली पांच गेंदों पर छक्के लगाए लेकिन आखिरी गेंद पर चौका ही लगा सके. 38 ओवर में हार्दिक पांड्या 62 बॉल में 68 रन पर नाबाद थे, वहीं 39 ओवर खत्म होते-होते उन्होंने अपना शतक पूरा किया. उन्होंने 69 बॉल में अपनी सेंचुरी पूरी की.

हार्दिक के दबदबे का अंदाजा इससे भी लगाया जा सकता है कि बड़ौदा की तरफ से दूसरा सर्वोच्च स्कोर विष्णु सोलंकी का था जिन्होंने 26 रन बनाए.

TRENDING NOW

अमन मोखाड़े के शतक से विदर्भ को मिली जीत

हालांकि हार्दिक पांड्या की सेंचुरी के बावजूद बड़ौदा को हार का सामना करना पड़ा. अमन मोखाड़े के शतक से विदर्भ ने बड़ौदा को नौ विकेट से हरा दिया. विदर्भ के बल्लेबाज अमन मोखाड़े ने 121 बॉल में 150 रन की पारी खेली. इस पारी में मोखाड़े ने 17 चौके और चार छक्के लगाए.