×

न्यूजीलैंड दौरे से भी बाहर हो सकते हैं हार्दिक पांड्या और के एल राहुल

वर्तमान हालात में हार्दिक और राहुल की न्यूजीलैंड दौरे के लिये टीम में जगह बनाने की संभावना भी न के बराबर है।

user-circle cricketcountry.com Written by Press Trust of India
Last Published on - January 11, 2019 11:01 PM IST

भारतीय क्रिकेटर हार्दिक पांड्या और केएल राहुल को टीवी शो पर आपत्तिजनक टिप्पणी करना महंगा पड़ा है। बिना सोचे समझे मजाक में महिलाओं को लेकर की गई टिप्पणी करने की वजह से फिलहाल दोनों को निलंबित कर दिया गया है। बीसीसीआई की तरफ से दी गई जानकारी के मुताबिक ऑस्ट्रेलिया-न्यूजीलैंड के आगामी दौरे के लिए चयनकर्ताओं को दोनों के विकल्प का चुनाव करने को कहा गया है।

शनिवार को भारतीय टीम को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे सीरीज का पहला मुकाबला खेलना है। शुक्रवार को भारतीय कप्तान ने मीडिया से बात करते हुए साफ तौर पर कहा कि भारतीय क्रिकेट टीम दोनों की टिप्पणी का समर्थन नहीं करती है।

सिडनी में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ होने वाले वनडे मैच से पहले मीडिया के सामने आए कप्तान ने कहा, “भारतीय क्रिकेट टीम के नजरिए से, इस मामले में की गई किसी भी गलत टिप्पणी का हम निश्चित रूप से समर्थन नहीं करते हैं। मामले से जुड़े दोनों खिलाड़ियों ने अपनी गलती महसूस की है और वो समझ गए हैं कि इसका प्रभाव कितना बड़ा है। जाहिर है कि इससे किसी को भी बड़ा झटका लगेगा, वो अच्छी तरह से समझेंगे कि क्या गलती हुई है।”

हार्दिक और राहुल को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेली जाने वाली वनडे सीरीज से बाहर कर दिया गया। दोनों को पहली उपलब्ध फ्लाइट से भारत भेजने का आदेश दिया गया है। इस दौरे से वापस लौटने के बाद अब भारत के अगले दौरे से भी दोनों लगभग बाहर हो गए हैं। वर्तमान हालात में इन दोनों की न्यूजीलैंड दौरे के लिये टीम में जगह बनाने की संभावना भी न के बराबर है।

ऑस्ट्रेलिया में वनडे सीरीज खेलने के बाद भारतीय न्यूजीलैंड के दौरे पर रवाना होगी। न्यूजीलैंड में भारत को पांच वनडे और तीन टी-20 मुकाबलों की सीरीज खेलनी है। पहला मुकाबला 23 जनवरी को जबकि आखिरी मैच 10 फरवरी को खेला जाएगा।