MI के लिए हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव की होगी वापसी, KKR को हर हाल में जीतना ही होगा
कोलकाता नाइट राइडर्स का मैच आज मुंबई इंडियंस से होगा. और केकेआर के लिए आज मैच जीतना बहुत जरूरी है. वहीं मुंबई की टीम के लिए हार्दिक और सूर्या की वापसी हो सकती है.
Published On May 20, 2026, 02:17 PM IST
Last UpdatedMay 20, 2026, 02:17 PM IST
कोलकाता नाइट राइडर्स को आज जीतना ही होगा
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में आज, बुधवार को कोलकाता के ईडन गार्डंस में कोलकाता नाइट राइडर्स के सामने मुंबई इंडियंस की टीम होगी. प्लेऑफ की रेस में बने रहने के लिए कोलकाता को आज का मैच जीतना ही होगा. वहीं मुंबई इंडियंस भले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी हो लेकिन वह केकेआर का खेल जरूर बिगाड़ सकती है.
कोलकाता की टीम ने अपने पहले छह मैचों में से एक भी नहीं जीता था और अंतिम चार की उसकी उम्मीदें लगभग खत्म हो चुकी थी. लेकिन इसके बाद टीम ने लय पकड़ी और लगातार पांच मुकाबले जीते. हालांकि यह सफर भी पिछले मैच में रुक गया. केकेआर के अब 12 मैचों में 11 अंक हैं. और अगले दोनों मैचों में जीत उसे प्लेऑफ में शायद पहुंचा दे. हालांकि यह पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता.
दोनों टीमों के बीच इस सीजन में जो पिछली भिड़ंत हुई थी उसमें मुंबई ने जीत हासिल की थी. उसने 221 का लक्ष्य हासिल कर लिया था. दोनों टीमों के बीच हुए 36 मैचों में से 25 मुंबई ने जीते हैं. यानी पलड़ा पूरी तरह से मुंबई के पक्ष में है. बीते तीन मैचों में भी दो मुंबई ने जीते हैं. लेकिन इस बार केकेआर के लिए जीतना जरूरी है.
मुंबई इंडियंस के लिए हार्दिक पंड्या बीते तीन मैचों में नहीं खेले हैं. उनकी पीठ में ऐंठन थी. वहीं पंजाब किंग्स के खिलाफ पिछला मैच सूर्यकुमार यादव निजी कारणों से नहीं खेले थे. ये दोनों बुधवार को होने वाले मैच के लिए उपलब्ध हैं. इसके साथ ही एएम गजनफर भी टीम में वापसी कर रहे हैं.
पिच की बात करें तो यह मुकाबला ईडन गार्डंस की पिच नंबर चार पर खेला जाएगा. इसी पिच पर राजस्थान रॉयल्स का मैच हुआ था. इस मैच में केकेआर ने 156 का लक्ष्य हासिल कर लिया था. कोलकाता में इस सीजन में पूरे हुए चार मैचों में से दो पहले बैटिंग करने वाली टीम जीती है और दो में बाद में बल्लेबाजी करने वाली टीम ने जीत हासिल की है. मौसम की बात करें तो बुधवार शाम को बादल छाए रह सकते हैं.
कोलकाता नाइट राइडर्स (संभावित): 1 अजिंक्य रहाणे (कप्तान), 2 फिन एलन, 3 अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), 4 कैमरून ग्रीन, 5 मनीष पांडे, 6 रिंकू सिंह, 7 सुनील नरेन, 8 अनुकूल रॉय, 9 वरुण चक्रवर्ती, 10 सौरभ दुबे, 11 कार्तिक त्यागी, 12 ब्लेसिंग मुजरबानी
मुंबई इंडियंस (संभावित): 1 रयान रिकेल्टन (विकेटकीपर), 2 रोहित शर्मा, 3 सूर्यकुमार यादव, 4 नमन धीर, 5 तिलक वर्मा, 6 हार्दिक पंड्या (कप्तान), 7 विल जैक, 8 कॉर्बिन बॉश, 9 दीपक चाहर, 10 जसप्रित बुमरा, 11 रघु शर्मा, 12 एएम गजनफर