×

सिर्फ एक विकेट... और इतिहास रच देंगे हार्दिक पांड्या, कोई भारतीय नहीं कर सका है ऐसा

हार्दिक पंड्या अब तक भारत की तरफ से 121 टी20 मुकाबलों में 26.47 की औसत के साथ 99 विकेट हासिल कर चुके हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - December 14, 2025 7:45 PM IST

भारत और साउथ अफ्रीका के बीच मुल्लांपुर स्थित महाराज यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में आज दूसरा टी20 मैच खेला जाएगा. इस मैच में हार्दिक पंड्या इतिहास रच सकते हैं. हार्दिक पांड्या के नाम एक ऐसा रिकॉर्ड दर्ज होगा, जो आज से पहले किसी भी भारतीय ने नहीं किया था.

हार्दिक के पास टी20 अंतरराष्ट्रीय करियर में विकेटों का शतक पूरा करने का मौका होगा, जिससे सिर्फ एक विकेट दूर हैं. हार्दिक पंड्या अब तक भारत की तरफ से 121 टी20 मुकाबलों में 26.47 की औसत के साथ 99 विकेट हासिल कर चुके हैं. इस दौरान पंड्या ने 1,913 बॉल फेंकीं, जिसमें कुल 2,621 रन दिए. पंड्या ने इस फॉर्मेट में 3 बार पारी में चार विकेट हासिल किए हैं. वह बतौर बल्लेबाज 1,919 रन बना चुके हैं, उन्होंने 100 छक्के और 146 चौके लगाए हैं.

खास लिस्ट में हार्दिक की होगी एंट्री

टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सिर्फ तीन खिलाड़ियों ने ‘100 छक्के’ लगाने के साथ ‘100 विकेट’ अपने नाम किए हैं. फिलहाल इस लिस्ट में सिकंदर रजा (जिम्बाब्वे), मोहम्मद नबी (अफगानिस्तान) और वीरनदीप सिंह (मलेशिया) के नाम शामिल हैं. अगर हार्दिक एक विकेट ले पाते हैं तो वह इस खास लिस्ट में शामिल होने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे.

T20I में विकेटों का शतक लगाने वाले तीसरे भारतीय बनेंगे हार्दिक

वहीं, टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में विकेटों का शतक लगाने वाले भारतीयों की बात करें, तो इस लिस्ट में सबसे पहला नाम तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह का है. 26 साल के गेंदबाज ने 69 मुकाबलों में 18.37 की औसत के साथ 107 विकेट हासिल किए हैं. जसप्रीत बुमराह इस लिस्ट में शामिल होने वाले दूसरे भारतीय हैं. बुमराह ने 81 मुकाबलों में 17.92 की औसत के साथ 101 विकेट निकाले हैं. बुमराह ने इसी सीरीज के पहले मैच में विकेटों का शतक पूरा किया था.

TRENDING NOW

साउथ अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट सीरीज 0-2 से गंवाने के बाद भारत ने तीन मुकाबलों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की. इसके बाद टीम इंडिया ने कटक में खेले गए पहले टी20 मैच को 101 रन से जीता.