- Home
- News
- Harmanpreet kaur india wome team is growing day by day and are in a positive state of mind ahead of the t20 world cup 3945960
टी20 वर्ल्ड कप से पहले महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत बोलीं-फोकस सिर्फ चैंपियन बनने पर
भारतीय महिला क्रिकेट टीम अपने अभियान की शुरुआत 21 फरवरी को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ करेगी.
Published On Feb 17, 2020, 01:47 PM IST
Last UpdatedFeb 17, 2020, 01:47 PM IST
भारतीय महिला क्रिकेट टीम 21 फरवरी से आईसीसी के सातवें टी20 वर्ल्ड कप में शानदार प्रदर्शन को बेताब है. हरमनप्रीत कौर की कप्तानी वाली टीम इंडिया इस समय काफी जोश में हैं. टीम वर्ष 2018 में सेमीफाइनल तक का सफर तय करने में सफल रही थी. ऐसे में इस बार टीम की कोशिश फाइनल में पहुंचकर खिताब जीतने की होगी.
‘टीम इंडिया शीर्ष दावेदारों में से एक’
वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीतने से मामूली अंतर से चूकने वाली महिला टीम की कप्तान हरमनप्रीत कौर ने कहा कि उनका ध्यान इस सप्ताह शुरु हो रहे आईसीसी महिला टी20 विश्व कप की ट्रॉफी उठाने पर है जिसके लिए टीम शीर्ष दावेदारों में से एक है.
भारतीय महिला टीम 2017 में वनडे विश्व कप खिताब के काफी करीब पहुंच कर फाइनल में मेजबान इंग्लैंड से नौ रन से हार गई थी. हरमनप्रीत ने कहा कि भारतीय टीम पिछले तीन वर्षों के अनुभव का पूरा इस्तेमाल करने की कोशिश करेगी.
‘हमारी टीम दिन-प्रतिदिन मजबूत हो रही है’
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया में तारोंगा चिड़ियाघर में कप्तानों के लिए रखे गए मीडिया कार्यक्रम में कहा, ‘हमारी टीम दिन-प्रतिदिन मजबूत हो रही है, हर कोई सकारात्मक है. अगर हम जीतते है तो यह बड़ी उपलब्धि होगी, 2017 में हमें जो प्रतिक्रिया मिली उससे मै आश्चर्यचकित थी. मेरे अभिभावकों ने इस बारे में मुझे नहीं बताया था, क्योंकि वे नहीं चाहते थे कि हम पर किसी तरह का दबाव आए. हम अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे.’
आईसीसी महिला टी20 विश्व कप का आगाज भारत और मौजूदा चैंपियन एवं मेजबान ऑस्ट्रेलिया के बीच 21 फरवरी को एडिलेड में होने वाले मैच के साथ होगा.