- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Harmanpreet Kaur on Mithali Raj’s omission, No regrets, decision was for team
मिताली राज को सेमीफाइनल में बाहर रखने पर कोई खेद नहीं: हरमनप्रीत
''इस फैसले पर कोई खेद नहीं क्योंकि इसे टीम के हितों को ध्यान में रखकर लिया गया था।''
Published On Nov 23, 2018, 11:12 AM IST
Last UpdatedNov 23, 2018, 11:12 AM IST
Mithali Raj and Harmanpreet Kaur
भारतीय क्रिकेट टीम को आईसीसी महिला वर्ल्ड टी20 के सेमीफाइनल में मिताली राज जैसी अनुभवी खिलाड़ी को बाहर रखना भारी पड़ा। अहम मुकाबले से उनको बाहर रखने का फैसले पर आलोचना झेल रही कप्तान हरमनप्रीत कौर ने इसे सही ठहराया। उन्होंने कहा कि उन्हें इस फैसले पर कोई खेद नहीं क्योंकि इसे टीम के हितों को ध्यान में रखकर लिया गया था।
भारतीय बल्लेबाज इंग्लैंड के खिलाफ बुरी तरह नाकाम रही और पूरी टीम 112 रन पर सिमट गई। उसके आखिरी आठ विकेट 24 रन के अंदर गिरे। डगआउट में बैठी मायूस मिताली का चेहरा पूरी कहानी कह रहा था।
टॉस के समय हरमनप्रीत ने कहा था, ‘‘यह मिताली के चयन की बात नहीं है, यह विजयी संयोजन को बनाए रखना है।’’
इस फैसले पर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान नासिर हुसैन और पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने कमेंट्री करते हुए सवाल उठाए लेकिन हरमनप्रीत ने अपने फैसले का बचाव किया।
हरमनप्रीत ने मैच के बाद कहा, ‘‘हमने जो भी फैसला किया वह टीम के हित में किया। कई बार यह सही रहता है और कई बार नहीं। इसका खेद नहीं है। हमारी टीम ने पूरे टूर्नामेंट में जिस तरह से बल्लेबाजी की उस पर मुझे गर्व है।’’
मिताली के स्ट्राइक रेट पर हमेशा सवाल उठाये जाते रहे हैं लेकिन तानिया भाटिया भी तेजी से रन नहीं बना पा रही थी और वेदा कृष्णमूर्ति अच्छी फार्म में नहीं चल रही थी और ऐसे में एक अनुभवी बल्लेबाज को बाहर रखना भारत पर भारी पड़ गया।