- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Harmanpreet Kaur scripted History tops the list of Most runs in Women’s ODI WC knockouts
Harmanpreet Kaur Record: हरमनप्रीत कौर ने रच दिया इतिहास, तोड़ा वर्ल्ड कप नॉक-आउट का महारिकॉर्ड
हरमनप्रीत कौर ने महिला वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में सिर्फ 20 रन बनाए. हालांकि यह छोटी सी पारी भी उन्हें इस लिस्ट में सबसे ऊपर लेकर चली गई. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की दिगग्ज को पीछे छोड़ दिया.
Published On Nov 02, 2025, 08:13 PM IST
Last UpdatedNov 02, 2025, 08:13 PM IST
harmanpreet-kaur
नई दिल्ली: भारतीय कप्तान हरमनप्रीत कौर ने अपना नाम इतिहास में दर्ज कर लिया. भारतीय कप्तान ने महिला वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में साउथ अफ्रीका के खिलाफ बड़ी पारी तो नहीं खेली लेकिन सिर्फ 20 रन बनाकर भी वह सबसे आगे निकल गईं. रविवार, 2 नवंबर को नवी मुंबई के डीवाई पाटील स्टेडियम पर हरमनप्रीत कौर ने ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज को पीछे छोड़ दिया.
कौर ने ऑस्ट्रेलिया की पूर्व कप्तान बेलिंडा क्लार्क के महिला वर्ल्ड कप के नॉक-आउट मुकाबलों में सबसे ज्यादा रन के कीर्तिमान को तोड़ दिया. फाइनल से पहले कौर के नाम तीन पारियों में 311 रन थे. उन्होंने सभी तीनों पारियों में 50 से ज्यादा रन बनाए थे. उन्हें बेलिंडा क्लार्क से आगे निकलने के लिए सिर्फ 20 रन चाहिए थे और उन्होंने उतने ही रन बनाए.
क्लार्क ने छह पारियों में 330 रन बनाए थे. वहीं ऑस्ट्रेलिया की ही एलीसा हीली ने चार पारियों में 309 रन बनाए थे. इंग्लैंड की नेट स्कीवर-ब्रंट ने पांच पारियों में 281 रन बनाए थे. इसके बाद न्यूजीलैंड की डेबी हॉक्ली का नंबर आता है. उन्होंने पांच पारियों में 240 रन बनाए थे.
कैसा रहा है कौर का नॉक-आउट में प्रदर्शन
फाइनल में आने से पहले हरमनप्रीत कौर ने वनडे वर्ल्ड कप के तीनों नॉकआउट मैचों में 50 से ज्यादा रन बनाए थे. इसमें 2017 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में बनाए गए 171 रन की पारी भी शामिल है. इसके बाद 2017 के वर्ल्ड कप फाइनल में इंग्लैंड के खिलाफ हरमनप्रीतकौर ने 51 रन बनाए थे. वहीं ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2025 के सेमीफाइनल में उन्होंने 89 रन की पारी खेली थी.
हालांकि वर्ल्ड कप 2025 के फाइनल में उनका यह सिलसिला टूट गया. साल 2025 के वर्ल्ड कप फाइनल में वह सिर्फ 20 रन बनाकर आउट हो गईं. भारतीय पारी के 39वें ओवर में नोनकुलुलेको म्लाबा ने उन्हें बोल्ड कर दिया.
भारत के लिए शेफाली वर्मा ने 87 रन की पारी खेली. वहीं स्मृति मंधना ने 45 रन बनाए. दोनों ने पहले विकेट के लिए 104 रन जोड़े थे.