add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 WC 2026: इंग्लैंड ने लगातार पांचवीं बार सेमीफाइनल में बनाई जगह, हैरी ब्रूक ने जड़ा धमाकेदार शतक

पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 165 रन का टारगेट रखा था, इंग्लैंड ने इसे आखिरी ओवर में हासिल कर लिया.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 24, 2026 11:04 PM IST

ENG VS PAK: हैरी ब्रूक की सेंचुरी की मदद से इंग्लैंड ने पाकिस्तान को टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 में दो विकेट से हराकर सेमीफाइनल में जगह बना ली है. इंग्लैंड की टीम टी-20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम बनी है. इसके अलावा इंग्लैंड की टीम ने लगातार पांचवीं बार टी-20 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में भी जगह बनाई है. इंग्लैंड लगातार पांच बार सेमीफाइनल में पहुंचने वाली पहली टीम भी है. पाकिस्तान और श्रीलंका लगातार चार-चार बार सेमीफाइनल में पहुंचे थे.

पाकिस्तान की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए इंग्लैंड के सामने जीत के लिए 165 रन का टारगेट रखा था, इंग्लैंड की टीम ने इस टारगेट को आठ विकेट खोकर हासिल कर लिया. हैरी ब्रूक ने 51 बॉल में 100 रन की पारी खेली. इस पारी में उन्होंने 10 चौके और चार छक्के लगाए. वहीं इस हार के साथ पाकिस्तान के लिए सेमीफाइनल की राह मुश्किल हो गई है. पाकिस्तान का सुपर-8 में अगला मुकाबला श्रीलंका के खिलाफ है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. फिल साल्ट पहली ही गेंद पर बिना खाता खोले पवेलियन लौटे. वहीं जोस बटलर का भी खराब फॉर्म इस मैच में भी जारी रह और वह दो रन बनाकर शाहीन अफरीदी का शिकार बने. जैकब बेथेल सिर्फ आठ रन ही बना सके, जबकि टॉम बैंटन (02) भी फ्लॉप रहे.

हैरी ब्रूक ने जड़ा शतक, ऐसा करने वाले पहले कप्तान

इसके बाद अपने टी-20 इंटरनेशनल करियर में पहली बार नंबर तीन पर उतरे कप्तान हैरी ब्रूक ने सैम करन के साथ मिलकर पांचवें विकेट के लिए 45 रन जोड़े. करन 16 रन बनाकर आउट हुए. हालांकि ब्रूक ने एक छोर संभाले रखा और अपने टी-20 करियर का पहला शतक 50 गेंदों में पूरा किया. इंग्लिश कप्तान ने महज 51 गेंदों का सामना करते हुए 100 रनों की दमदार पारी खेली. अपनी इस इनिंग के दौरान उन्होंने 10 चौके और 4 छक्के लगा. वह टी-20 वर्ल्ड कप में बतौर कप्तान शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी हैं.

विल जैक्स ने 23 गेंदों में 28 रनों का योगदान दिया. पारी के 19वें ओवर में मोहम्मद नवाज ने विल जैक्स और जेमी ओवरटन को पांच गेंदों के अंदर आउट करते हुए पाकिस्तान की वापसी करने का प्रयास किया, लेकिन 20वें ओवर की पहली ही गेंद पर जोफ्रा आर्चर ने चौका लगाते हुए इंग्लैंड को जीत दिला दी. आखिरी ओवर में पाकिस्तान को चार रन बनाने थे, जोफ्रा आर्चर ने सलमान मिर्जा की पहली बॉल पर ही चौका लगाया.

गेंदबाजी में पाकिस्तान की तरफ से शाहीन अफरीदी ने 30 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि उस्मान तारिक को दो सफलता मिली.

पाकिस्तान के लिए साहिबजादा फरहान ने जड़ा अर्धशतक

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की टीम ने 20 ओवर में नौ विकेट पर 164 रन लगाए. साहिबजादा फरहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 45 गेंदों में 63 रनों की पारी खेली. फखर जमान ने 25 रनों का योगदान दिया, जबकि बाबर आजम ने 24 गेंदों का सामना करते हुए 25 रन बनाए. शादाब खान ने अंतिम ओवरों में बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 11 गेंदों में 23 रन बनाए. इंग्लैंड की ओर से लियाम डॉसन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चार ओवर में सिर्फ 24 रन देकर तीन विकेट अपने नाम किए. वहीं, जोफ्रा आर्चर और जेमी ओवरटन को दो-दो सफलता मिली.

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/