heather knight Retirement: हीथर नाइट ने किया संन्यास का ऐलान, लॉर्ड्स टेस्ट होगा आखिरी मैच

भारत महिला टीम और इंग्लैंड महिला टीम के बीच लॉर्ड्स क्रिकेट स्टेडियम में ऐतिहासिक टेस्ट मुकाबला खेला जा रहा है. जिसके बाद इंग्लैंड की पूर्व कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज हीथर नाइट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया. लॉर्ड्स टेस्ट हीथर का आखिरी इंटरनेशनल मैच होगा.

Edited By : Bhaskar Tiwari |Jul 12, 2026, 12:57 PM IST

Published On Jul 12, 2026, 12:57 PM IST

Last UpdatedJul 12, 2026, 12:57 PM IST

इंग्लैंड की पूर्व कप्तान और वर्ल्ड कप विनिंग कप्तान हीथर नाइट ने इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास लेने का ऐलान कर दिया है. वो भारत के खिलाफ खेले जा रहे एकमात्र टेस्ट मैच के बाद ही रिटायर हो जाएंगी. हीथर से पहले इंग्लैंड की दिग्गज बल्लेबाज टैमी ब्यूमोंट भी इंटरनेशनल क्रिकेट को अलविदा कहने का ऐलान कर चुकी हैं. लॉर्ड्स टेस्ट के साथ ही नाइट का 16 साल लंबे करियर का अंत हो जाएगा.

कैसा रहा है इंग्लैंड की पूर्व कप्तान का क्रिकेटिंग करियर

इंग्लैंड की पूर्व कप्तान हीथर नाइट का क्रिकेटिंग करियर काफी शानदार रहा है. उन्होंने साल 2010 में इंटरनेशनल क्रिकेट में डेब्यू किया था और वह इंग्लैंड की महिला टीम के लिए सबसे ज्यादा मैच खेलने वाली खिलाड़ी के तौर पर खेल को अलविदा कह रही हैं. अपने करियर में उन्होंने कुल 320 इंटरनेशनल मैच खेले. जिनमें 15 टेस्ट, 160 वनडे और 145 टी20 अंतरराष्ट्रीय मुकाबले शामिल हैं. नाइट ने अपने इंटरनेशनल करियर में 7,988 रन बनाए और छह शतक लगाए. साल 2020 में ऑस्ट्रेलिया के कैनबरा में उन्होंने अपना पहला टी20 शतक लगाया. इसके साथ ही वह क्रिकेट के तीनों फॉर्मेट (टेस्ट, वनडे और टी20) में शतक लगाने वाली पहली इंग्लिश महिला क्रिकेटर बनीं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

हीथर नाइट ने 2016 से 2025 तक इंग्लैंड महिला टीम की कप्तानी की. इस दौरान उन्होंने 199 मैचों में टीम का नेतृत्व किया. जिनमें इंग्लैंड ने 134 मुकाबलों में जीत दर्ज की. उनकी कप्तानी में टीम ने कई बड़ी सफलताएं हासिल कीं, लेकिन सबसे यादगार उपलब्धि 2017 में आई. जब इंग्लैंड ने लॉर्ड्स के ऐतिहासिक मैदान पर आईसीसी महिला वनडे विश्व कप का खिताब जीता. उस जीत ने उन्हें इंग्लैंड की सबसे सफल महिला कप्तानों में शामिल कर दिया. ऑस्ट्रेलिया में पिछली सर्दियों में एशेज में मिली हार के बाद उन्होंने कप्तानी छोड़ दी थी.

क्या बोली हीथर नाइट

इंग्लैंड क्रिकेट बोर्ड (ईसीबी) द्वारा जारी बयान में इंग्लैंड की पूर्व कप्तान हीथर नाइट ने कहा कि इंग्लैंड के लिए क्रिकेट खेलना मेरे जीवन का सबसे बड़ा सम्मान रहा है. मैं खुद को बेहद भाग्यशाली मानती हूं कि मुझे 16 साल तक अपने देश का प्रतिनिधित्व करने का मौका मिला. इस खेल और टीम से दूर होना आसान नहीं है, क्योंकि ड्रेसिंग रूम, मेरे साथी खिलाड़ी और वहां बिताए गए पल मेरी जिंदगी का अहम हिस्सा रहे हैं. इन अनुभवों और लोगों ने मुझे बेहतर खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि बेहतर इंसान भी बनाया है. हालांकि, संन्यास का फैसला आसान नहीं था, लेकिन मैं इससे पूरी तरह संतुष्ट हूं और अपने जीवन के अगले अध्याय को लेकर काफी उत्साहित हूं.

उन्होंने आगे कहा कि डेवोन की एक छोटी लड़की के तौर पर लड़कों के साथ खेलते हुए मैंने कभी नहीं सोचा था कि मुझे यह अनुभव मिलेगा. लॉर्ड्स में इस ऐतिहासिक टेस्ट मैच के साथ खेल को अलविदा कहना सही लग रहा है. ये 16 साल शानदार रहे हैं और मैं खुद को बहुत भाग्यशाली मानती हूं.

Editor's Pick