×

DPL T20: ईस्ट दिल्ली राइडर्स की लगातार पांचवीं जीत, जानें प्वाइंट्स टेबल का हाल

रविवार को खेले गए दिन के पहले मैच में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने वेस्ट दिल्ली लायंस को 69 रन से हराया. वेस्ट दिल्ली लायंस को टूर्नामेंट में चौथी हार मिली.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - August 26, 2024 4:38 PM IST

नई दिल्ली. कप्तान हिम्मत सिंह और मयंक रावत की 66 गेंदों पर 122 रन की अटूट साझेदारी की बदौलत ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स को छह विकेट से हराकर दिल्ली प्रीमियर लीग (डीपीएल) में अपना विजय अभियान जारी रखा है. ईस्ट दिल्ली राइडर्स की यह लगातार पांचवीं जीत है और वह अंक तालिका में शीर्ष पर बनी हुई है.

नॉर्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स पहले बल्लेबाजी करते हुए अच्छी शुरुआत के बावजूद सात विकेट पर 179 रन ही बना पाया, ईस्ट दिल्ली राइडर्स की तरफ से सिमरजीत सिंह ने 30 रन देकर तीन विकेट लिए, हिम्मत सिंह (50 गेंदों पर नाबाद 85 रन) और रावत (37 गेंदों पर नाबाद 66 रन) के बीच शानदार शतकीय साझेदारी से ईस्ट दिल्ली राइडर्स ने 18.3 ओवर में लक्ष्य हासिल कर दिया.

साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स को भी मिली जीत

रविवार को खेले गए दिन के पहले मैच में साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने वेस्ट दिल्ली लायंस को 69 रन से हराया. वेस्ट दिल्ली लायंस को सीजन की चौथी हार का सामना करना पड़ा और टीम के लिए प्लेऑफ की राह मुश्किल हो गई है. साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स ने आयुष बडोनी के 28 गेंद में 57 रन, तेजस्वी दाहिया के 23 गेंद में 57 रन की मदद 20 ओवर में चार विकेट पर 228 रन बनाए. प्रियांश आर्य ने 26 गेंद में 45 रन की पारी खेली. वेस्ट दिल्ली लायंस की टीम 17.4 ओवर में 159 रन पर सिमट गई. अंकित कुमार ने सबसे ज्यादा 47 रन बनाए, वहीं आर्यन दलाल ने 32 रन की पारी खेली. साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स के लिए आयुष बडोनी, शुभम दुबे और कुलदीप यादव ने दो-दो विकेट लिए.

प्वॉइंट्स टेबल का हाल

ईस्ट दिल्ली राइडर्स की टीम पांच जीत के साथ इस लिस्ट में टॉप पर हैं. ईस्ट दिल्ली राइडर्स के 10 अंक हैं. वहीं छह अंक के साथ साउथ दिल्ली सुपरस्टार्स की टीम दूसरे और चार अंक के साथ सेंट्रल दिल्ली किंग्स तीसरे नंबर पर हैं. पुरानी दिल्ली 6 के चार अंक हैं और वह भी चौथे नंबर पर हैं. नार्थ दिल्ली स्ट्राइकर्स और वेस्ट दिल्ली लायंस 02-02 अंक के साथ क्रमश: पांचवें और छठे नंबर पर हैं.