×

हांगकांग के गेंदबाज बोले- मैं जीवनी लिखूंगा तो धोनी उसका मुख्‍य अंश होंगे

एशिया कप 2018 में एहसान खान ने महेंद्र सिंह धोनी का विकेट निकाला था।

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Published on - October 2, 2018 3:29 PM IST

एशिया कप 2018 में भले ही भारतीय टीम ने बांग्‍लादेश को फाइनल मुकाबले में हराकर जीत दर्ज की हो, लेकिन टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में भारत को हांगकांग से कड़ी चुनौती मिली थी। भारत द्वारा दिए गए 286 रनों के लक्ष्‍य का पीछा करने के दौरान हांगकांग के सलामी बल्‍लेबाज निजाकत खान 92(115) और आयुष्मान रथ 73(97) के बीच पहले विकेट के लिए 174 रनों की साझेदारी बनी।

टीम इंडिया ये मैच जीतने में कामयाब रही। हांगकांग के 33 वर्षीय गेंदबाज एहसान खान ने मैच में महेंद्र सिंह धोनी और रोहित शर्मा का विकेट निकाला। मैच खत्‍म होने के बाद उन्‍होंने दोनों बल्‍लेबाजों के साथ फोटो भी खिंचवाई। इंडियन एक्‍सप्रेस से बातचीत के दौरान एहसान खान ने कहा, “मैंने हमेशा से ही सचिन तेंदुलकर और महेंद्र सिंह धोनी का विकेट लेने का सपना देखा था। मैं सचिन का विकेट तो नहीं ले पाया, लेकिन धोनी का विकेट निकालने का सपना पूरा होने के बाद मैंने झुका और पिच को अपना सम्‍मान दिया।”

खान ने कहा, “अगर सचिन क्रिकेट के भगवान हैं तो धोनी क्रिकेट के किंग हैं। मैं अपने करियर को लेकर एक किताब लिखने की प्‍लानिंग कर रहा हूं। मैं जब भी ऐसा करूंगा तो उसमें धोनी ही किताब का मुख्‍य अंश होंगे। मैं अपने पोतों को धोनी के बारे में बताउंगा।” एहसान खान ने बताया, “मैं 33 साल का हूं और अब मेरा ज्‍यादा लंबा करियर नहीं बचा है। महेंद्र सिंह धोनी ने मुझे कहा है कि तुम्‍हारे अंदर अभी काफी क्रिकेट बचा है। आपकाे केवल अपनी फिटनेस पर काम करने की जरूरत है।”

धोनी की विकेट निकालने के बारे में बताते हुए खान ने कहा, “मैं ऑफ ब्रेक गेंदबाजी के इस वेरिएशन के लिए काफी समय से प्रैक्टिस कर रहा था। मैंने सीधी सीम के साथ साइड आर्म एक्‍शन पर गेंदबाजी का प्रयास किया था।”