WI vs AUS T20I: Mitchell Starc ने बताया- ऑस्ट्रेलिया को जीत दिलाने का राज
मिशेल स्टार्क ने कहा कि इस मैच से पहले वह दोहरी मानसिकता में रहकर बॉलिंग कर रहे थे. लेकिन इस बार उनके इरादे साफ थे.
Published On Jul 15, 2021, 05:33 PM IST
Last UpdatedJul 15, 2021, 05:33 PM IST
मिशेल स्टार्क @ICCTwitter
वेस्टइंडीज दौरे पर गई ऑस्ट्रेलियाई टीम 5 मैचों की टी20 सीरीज मेजबान टीम से पहले ही हार चुकी है. लेकिन सीरीज के चौथे मैच में भी वह हार के करीब थी, जब आंद्रे रसेल (Andre Russell) जैसे विस्फोटक बल्लेबाज के खिलाफ अंतिम ओवर में उसे 11 रन बचाने थे. ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज तेज गेंदबाज मिशेल स्टार्क (Mitchell Starc) ने बखूबी यह काम कर दिया और विंडीज को यहां 4 रन से हार का सामना करना पड़ा.
इस जीत के बाद स्टार्क ने कहा कि उन्होंने अपने मजबूत पक्ष के हिसाब से गेंदबाजी की, जिसकी बदौलत वह अपनी टीम को यहां जीत दिला पाए. अब 5 मैचों की इस सीरीज में ऑस्ट्रेलिया 3-1 से पिछड़ा हुआ है. लेकिन उसने अपने क्लीन स्वीप को यहां टाल दिया है. सीरीज का 5वां और अंतिम मैच शुक्रवार को सेंट लूसिया में ही खेला जाएगा.
स्टार्क ने कहा, ‘मैंने अच्छा खासा सीमित ओवरों का क्रिकेट खेला है. लेकिन पिछले पांच ओवर में मैंने जो किया है वो सीमित ओवरों के करियर में सबसे बेहतर है.’
उन्होंने कहा, “मैंने अतीत में आंद्रे रसेल के खिलाफ गलतियां की हैं, जिसमें पिछला मुकाबला इसका उदाहरण है, जहां मैंने दो मानसिकता के साथ गेंदबाजी की.’ इस सीरीज के पहले दो मैच में स्टार्क आठ ओवर में 89 रन देकर खाली हाथ रहे थे. तीसरे मैच में उन्होंने 4 ओवर में 15 रन देकर 1 विकेट लिया. हालांकि, चौथे मैच में भी वह 37 रन देकर विकेट लेने में नाकाम रहे लेकिन वह अंतिम ओवर में रसेल को जीत के लिए जरूरी 11 रन बनाने से रोकने में सफल रहे.
स्टार्क ने कहा, ‘मैं निजी तौर पर ऐसे प्लान का समर्थन नहीं करता. मैंने उस हिसाब से गेंदबाजी की जो मेरा मजबूत पक्ष है. मेरे ख्याल से टी20 क्रिकेट में यही जरूरी है. अगर आप दोहरी मानसिकता के साथ दौड़ रहे हैं तो आप पहले ही मैच में पीछे रह जाएंगे.’