मुंबई इंडियंस (Mumbai Indians) के कप्तान रोहित शर्मा (Rohit Sharma) के लिए आईपीएल (IPL) 2022 का सीजन बहुत अच्छा नहीं गया। रोहित इस सीजन में एक भी हाफ सेंचुरी (Rohit Sharma Season) नहीं लगा पाए। दाएं हाथ के इस सलामी बल्लेबाज ने 14 मैचों में सिर्फ 268 रन ही बनाए। उनका सर्वाधिक स्कोर 48 रहा। सीजन में रोहित का बल्लेबाजी औसत 19.14 का रहा। इस बीच यह भी सवाल उठा कि क्या रोहित को ब्रेक ले लेना चाहिए। हालांकि टीम इंडिया के पूर्व कोच रवि शास्त्री (Ravi Shastri) इस बात से इत्तेफाक नहीं रखते। शास्त्री को लगता है कि रोहित को ब्रेक की जरूरत नहीं है। इसके पीछे उन्होंने एक मजबूत तर्क भी दिया है।
शास्त्री ने दिल्ली कैपिटल्स और मुंबई इंडियंस के मैच से पहले स्टार स्पोर्ट्स के साथ बातचीत में कहा, ‘मुझे नहीं लगता कि रोहित शर्मा को ब्रेक की जरूरत है। जहां तक विराट की बात है तो उन्होंने पिछले करीब डेढ़ साल से सभी फॉर्मेट खेले हैं। रोहित की बात करें तो चोट के चलते उन्हें ब्रेक मिला है। वह साउथ अफ्रीका नहीं गए। ऑस्ट्रेलिया का आधा दौरा मिस किया।’
उन्होंने आगे कहा, ‘यह सिर्फ उन सीजन में शामिल है जहां टीम के तौर पर कुछ भी कारगर साबित नहीं हुआ। उनके पास अच्छा टीम कॉम्बिनेशन है, वे इस सीजन को अच्छे नोट पर खत्म करना चाहेंगे। इसके बाद उन्हें 10 दिन का ब्रेक मिलेगा, जो काफी है। इसके बाद वह इंग्लैंड रवाना होगा।’
मैच की बात करें तो मुंबई इंडियंस ने दिल्ली कैपिटल्स को पांच विकेट से हरा दिया था। इस हार के साथ ही दिल्ली कैपिटल्स प्लेऑफ में पहुंचने से चूक गई। दिल्ली के हारते ही बैंगलोर ने अंतिम चार में जगह बना ली थी।
दिल्ली ने 20 ओवर में सात विकेट पर 159 का स्कोर बनाया था। दिल्ली की ओर से रॉवमैन पॉवेल ने सबसे ज्यादा 43 रन बनाए थे। वहीं जसप्रीत बुमराह ने तीन विकेट हासिल किए थे।
160 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए मुंबई ने रोहित शर्मा का विकेट जल्दी खो दिया। रोहित सिर्फ दो रन बनाकर आउट हुए। ईशान किशन ने 48 रन बनाए। मुंबई के लिए जीत के हीरो रहे टिम डेविड जिन्होंने 11 गेंद पर 34 रन बनाए। मुंबई ने पांच गेंद बाकी रहते मैच अपने नाम कर लिया। मुंबई आठ अंकों के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे रही।