IPL 2026: केएल राहुल ने बताया अपना टारगेट, बोले महेंद्र सिंह धोनी की बराबरी करना चाहता हूं
IPL 2026: केएल राहुल का खुद का फॉर्म अच्छा है लेकिन दिल्ली कैपिटल्स की टीम अभी सातवें नंबर पर है. टीम ने दो करीबी मुकाबले गंवाए हैं. और उसका खमियाजा उसे भुगतना पड़ा है.
Published On May 01, 2026, 05:57 PM IST
Last UpdatedMay 01, 2026, 05:57 PM IST
नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स के सलामी बल्लेबाज केएल राहुल का आईपीएल 2026 में फॉर्म अच्छा है. लेकिन उनकी टीम इस सीजन में संघर्ष कर रही है. हालांकि राहुल का मानना है कि ट्रॉफी के बिना व्यक्तिगत उपलब्धियों का कोई महत्व नहीं है. उन्होंने कहा कि उनकी दिली इच्छा महेंद्र सिंह धोनी के पांच आईपीएल खिताब की बराबरी करना है.
आईपीएल में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की सूची में हाल में धोनी से आगे निकलने वाले राहुल ने इस उपलब्धि को कम करके आंका और टीम को पहले रखने वाले अपने नजरिये को दोहराया.
इसे भी पढ़ें- केएल राहुल ने रचा इतिहास, टूट गए कई बड़े रिकॉर्ड्स, अभिषेक- सहवाग भी पीछे छूटे
धोनी जितनी ट्रॉफी जीतकर ज्यादा खुशी होगी
राहुल ने जिओस्टार से कहा, ‘मुझे तो पता भी नहीं चला कि मैं माही भाई से आगे निकल गया हूं. पर्सनल रिकॉर्ड अच्छे होते हैं. इनसे भरोसा होता है कि मैं सही दिशा में आगे बढ़ रहा हूं. लेकिन मुझे सबसे ज्यादा खुशी धोनी जितनी ट्रॉफियां जीतने से होगी.’ उन्होंने कहा, ‘क्रिकेट एक टीम खेल है. आप ट्रॉफी जीतना चाहते हैं. आप सफल टीमों का हिस्सा बनना चाहते हैं. यही हमेशा से मेरा लक्ष्य रहा है.’
इस दाएं हाथ के बल्लेबाज ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ अपने शानदार रिकॉर्ड के बारे में भी बात की, जिसका श्रेय उन्होंने अपने घरेलू मैदान से भावनात्मक लगाव को दिया.
चिन्नास्वामी पर खेलने का अलग अहसास
उन्होंने कहा, ‘मैंने इस बारे में सोचा है कि क्या मेरे पास आरसीबी के लिए कोई खास रणनीति है, लेकिन मुझे इसका जवाब नहीं मिला है. चिन्नास्वामी मेरे लिए बहुत खास है. मैं वहीं पला-बढ़ा हूं और जब भी मैं उस मैदान पर खेलता हूं तो कुछ अलग ही अहसास होता है.’
राहुल ने कहा, ‘जब भी मैं चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेलता हूं तो मैं कुछ अलग तरह से महसूस करता हूं. मैंने आरसीबी के खिलाफ ही नहीं अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी वहां अच्छा प्रदर्शन किया है. कुछ स्टेडियम आपको सकारात्मक माहौल देते हैं और आपको यह महसूस कराते हैं कि आप अच्छा प्रदर्शन करेंगे.’
नए दौर के बल्लेबाज बदल रहे हैं टी20 क्रिकेट
राहुल ने भारत की नई पीढ़ी के बल्लेबाजों के निडर रवैये की भी सराहना की और कहा कि कैसे युवा खिलाड़ी अपनी आक्रामक मानसिकता से टी20 बल्लेबाजी को फिर से परिभाषित कर रहे हैं.
उन्होंने कहा, ‘वे किसी गेंदबाज की प्रतिष्ठा से नहीं डरते, फिर चाहे वह जसप्रीत बुमराह हों या पैट कमिंस. वे बस गेंद देखते हैं और उसे मैदान से बाहर मारना चाहते हैं. नए जमाने के क्रिकेटर जो कर रहे हैं वह अद्भुत है. वैभव सूर्यवंशी ने क्रिकेट जगत में तहलका मचा दिया है. 15 साल की उम्र में दो शतक लगाने के बारे में मैंने सपने में भी नहीं सोचा था.’