'मां के पास भेज देता हूं सारे अवॉर्ड', 'प्लेयर ऑफ द मैच' बनने के बाद कोहली ने भगवान को किया याद

भारतीय टीम के स्टार बल्लेबाज विराट कोहली ने रविवार को न्यूजीलैंड के खिलाफ 93 रन की पारी खेली. उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. इसके बाद कोहली ने जो कहा उसने लोगों का दिल जीत लिया.

Edited By : Bharat Malhotra |Jan 12, 2026, 06:14 AM IST

Published On Jan 12, 2026, 06:14 AM IST

Last UpdatedJan 12, 2026, 06:14 AM IST

virat kohli sends all his player of the match awards to his mother

विराट कोहली ने कहा कि वह अपने सभी प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड मां को भेज देते हैं

वडोदरा: Virat Kohli Player of The Match Award- विराट कोहली ने 91 गेंदों में 93 रन की पारी खेलते हुए भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का पहला मुकाबला जीतने में अहम योगदान दिया. इस शानदार प्रदर्शन के लिए कोहली को ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ चुना गया. कोहली ने बताया कि उन्हें हमेशा से अपनी काबिलियत पर भरोसा रहा है. भगवान ने उन्हें उम्मीद से कहीं ज्यादा दिया. हालांकि कोहली ने यह भी कहा कि उन्हें नहीं पता कि उनके पास कितने ऐसे अवॉर्ड हैं क्योंकि वह अपने अवॉर्ड मां को भेज देते हैं.

Player Of The Match में नंबर तीन पर पहुंचे Virat Kohli

विराट कोहली ने वनडे फॉर्मेट में 45वीं बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ खिताब अपने नाम किया है. सबसे ज्यादा बार इस खिताब को जीतने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में कोहली तीसरे पायदान पर हैं. इस फेहरिस्त में सचिन तेंदुलकर टॉप पर हैं, जिन्होंने 62 बार यह कारनामा किया, जबकि श्रीलंकाई दिग्गज सनथ जयसूर्या (48) दूसरे स्थान पर हैं. जैक्स कैलिस, रिकी पोंटिंग और शाहिद अफरीदी 32-32 बार ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड जीत चुके हैं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इसे भी पढ़ें: विराट कोहली का फिर बजा डंका, भारत ने न्यूजीलैंड को दी मात, सीरीज में 1-0 की बढ़त

बीसीए स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले के बाद जब कोहली से पूछा गया कि उनके पास कितने ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ अवॉर्ड हैं, तो उन्होंने कहा, ‘ईमानदारी से कहूं तो मुझे बिल्कुल अंदाजा नहीं है. मैं सारी ट्रॉफी घर गुरुग्राम में अपनी मां के पास भेज देता हूं, उन्हें इन ट्रॉफियों को संभालकर रखना बहुत पसंद है.’

Virat Kohli ने किया भगवान का शुक्रिया

विराट कोहली अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 28,068 रन बना चुके हैं. वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक रन बनाने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में दूसरे पायदान पर पहुंच गए हैं. कोहली ने कहा, “अगर मैं पीछे मुड़कर अपने पूरे सफर को देखूं, तो यह मेरे लिए किसी सपने के सच होने से कम नहीं है. मुझे हमेशा अपनी काबिलियत पर भरोसा था, लेकिन यह भी पता था कि यहां तक पहुंचने के लिए काफी मेहनत करनी होगी. भगवान ने मुझे मेरी उम्मीद से कहीं ज्यादा दिया है.’

उन्होंने कहा, ‘मैं माइलस्टोन के बारे में बिल्कुल नहीं सोच रहा. अगर हम पहले बल्लेबाजी कर रहे होते, तो शायद मैं ज्यादा आक्रामक खेलता, लेकिन लक्ष्य का पीछा करते हुए, बोर्ड पर रन होने के कारण मुझे स्थिति के हिसाब से खेलना था. मन में ज्यादा बाउंड्री लगाने का ख्याल आया, लेकिन अनुभव काम आता है. मेरे दिमाग में सिर्फ यही था कि टीम को ऐसी स्थिति में ले जाऊं, जहां हम आराम से जीत सकें.’

कोहली ने बताया क्या था प्लान

टीम इंडिया ने 8.4 ओवरों में 39 के स्कोर पर रोहित शर्मा (26) का विकेट गंवा दिया था. यहां से कोहली ने शुभमन गिल के साथ दूसरे विकेट के लिए 118 रन जोड़कर भारतीय पारी को संवारा.

कोहली ने कहा, ‘मैं नंबर तीन पर बल्लेबाजी करता हूं. अगर स्थिति मुश्किल हो, तो सिर्फ इंतजार करने के बजाय पलटवार करने पर भरोसा करता हूं. बेवजह शॉट भी नहीं खेलने चाहिए. जब रोहित के आउट होने के बाद मैं बल्लेबाजी करने आया, तो लगा कि अगर शुरुआती 20 गेंदों में दबाव बना दिया जाए, तो विपक्ष बैकफुट पर चला जाएगा. वही फर्क साबित हुआ.’

मैच की बात करें तो भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने टॉस जीतकर वड़ोदरा के इस मैदान पर टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया. न्यूजीलैंड ने भारत के सामने 301 रन का लक्ष्य रखा था. न्यूजीलैंड ने अच्छी शुरुआत की. हेनरी निकोलस (62) और डेवॉन कॉन्वे (56) ने पहले विकेट के लिए 117 रन जोड़े. वहीं डेरेल मिशेल ने 84 रन बनाए. हालांकि बाकी खिलाड़ी इसका फायदा नहीं उठा पाए. भारत के लिए विराट कोहली ने सबसे ज्यादा 93 रन बनाए. वहीं गिल ने 56 रन का योगदान दिया. अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में वापसी कर रहे श्रेयस अय्यर ने 49 रन का योगदान दिया.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick