- क्रिकेट न्यूज़
- News
- i was cursing dinesh karthik while going to bat against pakistan says ravichandran ashwin
'मैं कार्तिक को कोस रहा था...' : पाक के खिलाफ मैच के दौरान क्या सोच रहे थे अश्विन
रविचंद्रन अश्विन ने कहा कि जब वह बल्लेबाजी करने जा रहे थे तो एक सेकंड के लिए वह दिनेश कार्तिक को कोस रहे थे.
Published On Oct 26, 2022, 01:02 PM IST
Last UpdatedOct 26, 2022, 01:02 PM IST
नई दिल्ली: रविवार को पाकिस्तान को हराकर भारत ने टी20 वर्ल्ड कप 2022 में अपने सफर का जीत के साथ आगाज किया. मेलबर्न में खेले गए इस मैच में भारत ने 160 रन का पीछा करते हुए चार विकेट 31 रन पर गंवा दिए थे लेकिन इसके बाद उसने दमदार वापसी की. भारत ही जीत में विराट कोहली और हार्दिक पंड्या ने अहम भूमिका निभाई. दोनों के बीच पांचवें विकेट के लिए 113 रन की साझेदारी हुई. विराट ने जहां 53 गेंद पर 82 नाबाद रन बनाए वहीं हार्दिक पंड्या 37 गेंद पर 40 रन बनाकर आउट हुए. लेकिन इसके साथ ही एक खिलाड़ी ऐसा भी था जो भले ही आखिरी गेंद खेलने मैदान पर उतरा हो लेकिन उसके योगदान को भुलाया नहीं जा सकता. जी, हम रविचंद्रन अश्विन की बात कर रहे हैं.
अश्विन जब बल्लेबाजी करने उतरे तो भारत को आखिरी गेंद को 2 रन चाहिए थे. अश्विन ने भले ही एक गेंद पर एक रन बनाया लेकिन इसी एक रन ने भारत को जीत दिलाई. अश्विन को बाएं हाथ के स्पिनर मोहम्मद नवाज ने पैड्स को निशाना बनाते हुए गेंद फेंकी. अश्विन ने बहादुरी भरा फैसला लिया और गेंद को जाने दिया. यह गेंद वाइड हो गई. अब भारत से हार का खतरा टल गया था.
इस गेंद के बारे में अश्विन ने कहा, ‘जैसे ही मैंने देखा कि गेंद लेग स्टंप के बाहर है तो मैंने इसे नहीं खेलने का फैसला किया. मैंने तय किया कि मैं इसे जाने दूंगा और वाइड होने दूंगा. जैसे ही वह रन मिला मैं काफी राहत महसूस कर रहा था.’
इस वरिष्ठ ऑफ स्पिनर ने कहा कि जब वह बल्लेबाजी के लिए मैदान पर उतर रहे थे तो वह उस वक्त दिनेश कार्तिक को कोस रहे थे कि उन्होंने उनके लिए 1 गेंद पर दो रन का मुश्किल लक्ष्य छोड़ा है. अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, ‘जब मैं बल्लेबाजी करने जा रहा था तो मैंने एक सेकंड के लिए दिनेश कार्तिक को कोसा और फिर मैंने सोचा, ‘नहीं, नहीं, हमारे पास अब भी समय है, चलिए वह करते हैं जो करने हम यहां आए हैं.’ ऐसा लग रहा था कि मैं बरसों से इस पिच पर चल रहा हूं.’
कार्तिक की भूमिका टीम इंडिया में फिनिशर की है. जब भारत को दो गेंद पर दो रन चाहिए थे तो कार्तिक ने स्लॉग स्वीप खेलना चाहा था लेकिन वह गेंद को खेल नहीं पाए और आउट होकर गए. मैच के बाद बीसीसीआई की ओर से अपलोड किए गए वीडियो में कार्तिक ने अश्विन को जान बचाने के लिए शुक्रिया भी कहा था.