×

अफगानिस्तान से हार के बाद टूट गए इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर, कप्तानी पर भी दिया बड़ा बयान

इंग्लैंड के कप्तान ने जो रूट की तारीफ की, जिन्होंने शतक जड़ा. बटलर ने कहा, जिस तरह से उन्होंने रन-चेज़ में दबाव को संभाला, उन्हें शीर्ष छह बल्लेबाजों में से किसी एक की ज़रूरत थी जो उनके साथ बने रहे.

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - February 27, 2025 6:27 AM IST

Jos Buttler on his captaincy: इंग्लैंड की टीम को चैंपियंस ट्रॉफी में अफगानिस्तान के हाथों हार का सामना करना पड़ा और इसके साथ ही इंग्लैंड की टीम चैपियंस ट्रॉफी से बाहर हो गई है. इस हार के बाद इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर पूरी तरह टूट गए हैं. अपने खराब फॉर्म को लेकर आलोचना के शिकार हो रहे इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने अफगानिस्तान के हाथों हार के साथ चैम्पियंस ट्रॉफी से बाहर होने के बाद कहा कि वह अपनी कप्तानी को लेकर कोई जज्बाती बयान नहीं देंगे लेकिन सारी संभावनायें सामने हैं. जीत के लिये 326 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की टीम 49. 5 ओवर में 317 रन पर आउट हो गई.

बटलर की कप्तानी में इंग्लैंड भारत में 2023 वनडे विश्व कप और वेस्टइंडीज तथा अमेरिका में टी20 विश्व कप 2024 में नाकाम रहा. बटलर ने कहा, यह काफी निराशाजनक है, मुझे लगा था कि आज हम मैच जीत सकते थे, एक और शानदार मैच लेकिन हम हार गए.

हार के बाद बटलर ने कहा, मैं इस समय कोई जज्बाती बयान नहीं दूंगा, लेकिन अपने और दूसरे खिलाड़ियों के बारे में सोचूंगा, हम सभी संभावनाओं पर विचार करेंगे.

आखिरी 10 ओवर में हम मैच से दूर हो गए: बटलर

इंग्लैंड के कप्तान ने कहा, यह वास्तव में निराशाजनक है, मुझे लगा कि खेल में हमारे पास मौके थे. बटलर ने स्वीकार किया कि अफगानिस्तान ने आखिरी 10 ओवरों में वास्तव में अच्छी बल्लेबाजी की, जिससे उनकी टीम के लिए चीजें कठिन हो गईं, उन्होंने कहा, वे आखिरी 10 ओवरों में हमसे दूर हो गए, इब्राहिम (ज़दरान) को श्रेय जाता है, उन्होंने शानदार पारी खेली.अगर हम पीछे देखें और सोचें, तो आखिरी 10 में 113 रन ने उन्हें एक ऐसे स्कोर तक पहुंचाया जो उस पिच पर बहुत अच्छा स्कोर था.

बटलर ने जो रूट की तारीफ की. बटलर ने कहा, उन्होंने आज रात अविश्वसनीय पारी खेली, जिस तरह से उन्होंने रन-चेज़ में दबाव को संभाला, उन्हें शीर्ष छह बल्लेबाजों में से किसी एक की ज़रूरत थी जो उनके साथ बने रहे और खेल को और आगे ले जाएं.

एक टीम के रूप में हम लगातार बेहतर कर रहे हैं: शाहिदी

अफगानिस्तान के कप्तान हशमतुल्लाह शाहिदी ने कहा, एक टीम के रूप में हम खुश है और मुझे यकीन है कि पूरा देश खुश होगा, हमने पहली बार इंग्लैंड को 2023 विश्व कप में हराया था, मैं कहता रहता हूं कि एक टीम के रूप में हम लगातार बेहतर कर रहे हैं, यह करीबी मैच था लेकिन हमने नियंत्रण बनाये रखा.