- क्रिकेट न्यूज़
- News
- icc allows 15 players and 8 officials for each teams for t20 world cup in uae
T20 World Cup 2021: ICC ने की घोषणा- सिर्फ 23 सदस्यों का दल ला सकती हैं टीमें
टी20 वर्ल्ड कप में भाग लेने वाली सभी टीमों को 10 सितंबर तक आईसीसी को अपनी यह सूची सौंपनी होगी.
Published On Aug 13, 2021, 08:54 PM IST
Last UpdatedAug 13, 2021, 08:54 PM IST
T20 वर्ल्ड कप @ICCTwitter
करीब दो महीने बाद संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में टी20 वर्ल्ड कप (T20 World Cup 2021) होना है और इसके लिए इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने सभी टीमों के लिए अहम घोषणा कर दी है. इस टूर्नामेंट में भाग ले रही सभी टीमों को इस टूर्नामेंट के लिए 15 सदस्यीय टीम लाने की अनुमति दी है, जिसके साथ 8 अधिकारी आ सकते हैं. सभी टीमों को अपने अंतिम 15 खिलाड़ी और कोचिंग और सपोर्ट स्टाफ के 8 सदस्यों की जानकारी 10 सितंबर तक आईसीसी को देनी होगी.
पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) के एक अधिकारी ने शुक्रवार को पुष्टि की कि आईसीसी ने भाग लेने वाले देशों के लिए अपने अंतिम 15 खिलाड़ियों और कोच एवं सहयोगी सदस्यों के 8 अधिकारियों की सूची भेजने के लिए 10 सितंबर की समय सीमा तय की है.
इस अधिकारी ने पीटीआई-भाषा को बताया, ‘आईसीसी ने कोविड-19 (Covid 19) और बायो-बबल (जैव-सुरक्षा) की स्थिति को देखते हुए टी20 वर्ल्ड कप में भाग लेने वाले देशों को अतिरिक्त खिलाड़ियों को टीम के साथ लाने की अनुमति दी है लेकिन इसका खर्च संबंधित बोर्डों को वहन करना होगा.’ उन्होंने कहा, ‘आईसीसी सिर्फ 15 खिलाड़ियों और 8 अधिकारियों का खर्च वहन करती है.’
साल 2016 के बाद पहली बार हो रहे टी20 वर्ल्ड कप का आयोजन 17 अक्टूबर से 14 नवंबर तक ओमान और यूएई (दुबई, अबुधाबी और शारजाह) में होगा. 8 देशों की क्वॉलीफाइंग टूर्नामेंट को 23 सितंबर से खेला जाएगा, जिसमें श्रीलंका, बांग्लादेश और आयरलैंड की टीमें भी शामिल हैं. इसमें से चार टीमें सुपर-12 चरण के लिए क्वॉलीफाई करेगी.
अधिकारी ने बताया, ‘यह अब बोर्ड पर निर्भर करता है कि वह कोविड-19 स्थिति को देखते हुए अपनी मुख्य टीम के साथ कितने अतिरिक्त खिलाड़ी रखना चाहता है. मुख्य टीम से अगर कोई खिलाड़ी कोविड-19 जांच में पॉजिटिव आता है या चोटिल होता है तो अतिरिक्त खिलाड़ियों में से कोई उसकी जगह ले सकता है.’
आईसीसी ने बोर्डों को सूचित किया है कि वे पृथकवास अवधि शुरू होने से पांच दिन पहले तक अपनी टीम में अंतिम समय में बदलाव कर सकते हैं. उन्होंने कहा, ‘बोर्ड को हालांकि 10 सितंबर तक अपनी टीम की सूची भेजनी होगी.’ इस टूर्नामेंट का आयोजन भारत में होने था, लेकिन कोविड-19 की स्थिति के कारण आईसीसी ने इसे यूएई में स्थानांतरित कर दिया.
(इनपुट : भाषा)