- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ICC Champions Trophy 2017: AB De Villiers’ run-out was my fault, says Faf du Plessis
'मेरी गलती' से रन आउट हुए एबी डीविलियर्स': फाफ डू प्लेसी
फाफ डू प्लेसी के साथ बल्लेबाजी करने वाले दो बल्लेबाज रन आउट हुए।
Published On Jun 12, 2017, 10:47 AM IST
Last UpdatedJun 12, 2017, 10:47 AM IST

रविंद्र जडेजा की गेंद को प्वाइंट की ओर हल्के हाथों से खेलने के बाद फाफ डू प्लेसी ने फौरन अपने कप्तान एबी डीविलियर्स को रन लेने का आमंत्रण दिया। इसी बीच हार्दिक पांड्या किसी चीते की रफ्तार से गेंद पर झपटे और एक सटीक थ्रो एमएस धोनी के छोर पर फेंका। धोनी ने बिना किसी देर के गिल्लियां बिखेर दीं और इस तरह एक अनचाहा रन दौड़ रहे एबी डीविलियर्स रन आउट हो गए। पांच गेंदों के बाद, डू प्लेसी एक और रन आउट के चक्कर में उलझते नजर आए, इस बार दूसरे छोर पर डेविड मिलर थे। गेंद को इस बार भी डू प्लेसी ने हल्के हाथों से खेला था और मिलर को सिंगल लेने के लिए बुलाया था लेकिन जब फील्डर को तेजी से थ्रो फेंकते देखा तो वह अपनी क्रीज पर लौट पड़े और चूंकि मिलर पहले से ही आधे से ज्यादा दौड़कर आ चुके थे इसलिए दोनों ही बल्लेबाज एक ही छोर पर नजर आए और भारतीय फील्डरों ने आसानी से रन आउट मुकम्मल किया। इस बार रन आउट होने वाले बल्लेबाज डेविड मिलर थे। ये दोनों रन आउट ही मैच का टर्निंग प्वाइंट साबित हुए और बाद मे दक्षिण अफ्रीका छोटे से स्कोर पर सिमट गई।
मैच में हार के बाद डू प्लेसी क्षमायाचक के रूप में नजर आए और इस बात को उन्होंने माना कि डीविलियर्स को रन लेने के लिए बुलाना उनका बुद्धिमानी वाला फैसला नहीं था। डूप्लेसी ने कहा, “मैं एबी के रन आउट की पूरी जिम्मेदारी लेता हूं। वह मेरी गलती थी। जाहिर तौर पर वह हमारे लिए एक बड़े खिलाड़ी हैं। वह उस समय बढ़िया टच में नजर आ रहे थे और वह मैच में मुश्किल समय था। मेरी ओर से बड़ी गलती हुई और एबी रन आउट हो गए।”
डीविलियर्स से पूछा गया कि क्या वह खुद सिंगल लेने के लिए आगे गए थे, इस पर डीविलियर्स ने कहा, “आप देखो, मैंने अपने पार्टनर के साथ एक रन लेने की कोशिश की और वह कारगर साबित नहीं हुआ। मैं रन की तलाश नहीं कर रहा था मैं गेंद का सामना भी नहीं कर रहा था। इसलिए मैं इसे इस तरह से नहीं कहूंगा। वहां मुझे कॉल मिली और मैंने सोचा कि हम एक रन ले सकते हैं।” [भारत बनाम दक्षिण अफ्रीका, फुल स्कोरकार्ड जानने के लिए क्लिक करें]
डूप्लेसी के मुताबिक भारतीय फील्डर तेजी से दबाव बना रहे थे। वहीं ओवल में भारतीय टीम के समर्थकों का जमावड़ा लगा हुआ था ऐसे में कोलाहल में रन लेने की कॉल सुनना कठिन लग रहा था। हालांकि, उन्होंने कहा कि जिस तरह की गलती उन्होंने की उससे उन्हें कुछ भी दोषमुक्त नहीं कर सकता जिसके चलते डीविलियर्स का विकेट गंवाना पड़ा।
डूप्लेसी ने बताया कि लगातार रन आउट होने के बाद वह बल्लेबाजी में ध्यान केंद्रत नहीं कर पा रहे थे। वह पांड्या की धीमी गेंदें नहीं समझ पा रहे थे। डू प्लेसी 36 रन बनाकर आउट हुए। पांच ओवर के अंदर ही दक्षिण अफ्रीका के तीन घातक बल्लेबाज पवेलिययन लौट चुके थे।