चैंपियंस ट्रॉफी: पहले 10 ओवर में द.अफ्रीका ने की रन 'हड़ताल'!
श्रीलंका के खिलाफ 60 में से 40 गेंद पर रन नहीं बनाए
दुनिया की नंबर 1 वनडे टीम द.अफ्रीका जब चैंपियंस ट्रॉफी में कमजोर श्रीलंका के सामने बल्लेबाजी के लिए उतरी तो सभी को उम्मीद थी की उसके बल्लेबाज रनों का अंबार लगा देंगे। मैदान पर उतरते ही वो श्रीलंकाई गेंदबाजों पर टूट पड़ेंगे लेकिन हुआ इसके एकदम उलट। श्रीलंका के गेंदबाजों ने पहले 10 ओवरों में द.अफ्रीकी बल्लेबाजों को बांध कर रख दिया। 60 गेंदों में से 40 गेंदों पर द.अफ्रीकी बल्लेबाज रन ही नहीं बना सके।
द.अफ्रीका के ओपनर और विकेटकीपर क्विंटन डी कॉक श्रीलंकाई गेंदबाजों के आगे जूझते नजर आए। डी कॉक को शॉट खेलने में खासा दिक्कत हुई उन्होंने 9वीं गेंद पर अपना खाता खोला। डी कॉक ने पहले 10 ओवर में 31 गेंद खेली और उन्होंने 21 गेंदों पर रन ही नहीं बनाया। डी कॉक की इस धीमी पारी की वजह से द.अफ्रीकी टीम पहले 10 ओवर में सिर्फ 32 रन ही बना सकी। हैरानी की बात ये है कि हाशिम आमला और डी कॉक जैसे आक्रामक बल्लेबाजों के क्रीज पर होने के बावजूद द.अफ्रीकी टीम 7वें ओवर में पहला चौका लगा पाई। ये भी पढ़ें-चैंपियंस ट्रॉफी, तीसरा मैच, द.अफ्रीका बनाम श्रीलंका का स्कोरकार्ड
श्रीलंका के गेंदबाजों की जबर्दस्त लाइन लेंथ में फंसने वाले डी कॉक 42 गेंद में सिर्फ 23 रन बना सके और उनका स्ट्राइक रेट 54.76 रहा। वनडे करियर में पहली बार क्विंटन डी कॉक ने इतनी धीमी पारी खेली है। 40 से ज्यादा गेंद खेलने के बाद ये डी कॉक का सबसे कम स्ट्राइक रेट है। डी कॉक को सबसे ज्यादा परेशान सुरंगा लकमल ने किया। लकमल की 13 गेंदों पर डी कॉक सिर्फ 30.76 के स्ट्राइक रेट से 4 ही रन बना सके। मलिंगा की 16 गेंदों पर भी कॉक के बल्ले से सिर्फ 8 ही रन निकले।
COMMENTS