IND vs NZ: इंदौर में नंबर-1 बनना होगा टीम इंडिया का लक्ष्य, न्यूजीलैंड के सामने सम्मान बचाने की चुनौती

न्यूजीलैंड तीसरे वनडे मैच में जीत दर्ज करके भारत को क्लीन स्वीप करने से रोकने की पूरी कोशिश करेगा।

Edited By : Press Trust of India |Jan 23, 2023, 01:37 PM IST

Published On Jan 23, 2023, 01:37 PM IST

Last UpdatedJan 23, 2023, 01:37 PM IST

TWITTER

इंदौर। पहले दो मैचों में जीत दर्ज करके उत्साह से ओतप्रोत भारतीय टीम न्यूजीलैंड के खिलाफ मंगलवार को यहां होने वाले तीसरे और अंतिम एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच में क्लीन स्वीप के इरादे से मैदान पर उतरेगी जिसमें उसके मध्यक्रम के बल्लेबाज अच्छा प्रदर्शन करने की कोशिश करेंगे। सीरीज पहले अपने नाम करने के कारण भारत इस मैच में अपनी गेंदबाजी में कुछ बदलाव कर सकता है।

तीसरे वनडे में अगर भारत जीत हासिल कर सीरीज में 3-0 से न्यूजीलैंड का सूपड़ा साफ करने में कामयाब हो जाता है तो टीम इंडिया को वनडे रैंकिंग में नंबर-1 बनने से कोई नहीं रोक पाएगा। फिलहाल टॉप पर इंग्लैंड का कब्जा है जबकि भारत तीसरे पायदान पर है। न्यूजीलैंड ने दूसरे वनडे में हार के साथ ही अपना शीर्ष स्थान खो दिया था और खिसककर दूसरे नंबर पर आ गई थी।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

सलामी बल्लेबाज शुभमन गिल बेहतरीन फॉर्म में है। उन्होंने पहले मैच में दोहरा शतक जड़ा और कम स्कोर वाले दूसरे मैच में 40 रन की पारी खेली। कप्तान रोहित शर्मा ने भी अच्छी शुरुआत की है और वह उसे बड़े स्कोर में बदलना चाहेंगे। भारतीय टीम सीरीज में अजेय बढ़त हासिल करने के बावजूद इस बात से अच्छी तरह से वाकिफ होगी कि अभी तक केवल गिल और रोहित ही रन बना पाए हैं।

यह भी सच्चाई है कि अन्य बल्लेबाजों को पर्याप्त मौके नहीं मिले हैं ऐसे में ईशान किशन, हार्दिक पंड्या और सूर्यकुमार यादव जैसे खिलाड़ियों के पास मैच परिस्थिति में बल्लेबाजी अभ्यास का अच्छा मौका होगा। विराट कोहली को बाएं हाथ के स्पिनरों को खेलने में फिर से परेशानी हो रही है। इस करिश्माई बल्लेबाज को मिशेल सैंटनर ने लगातार आउट किया है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले चार पारियों में तीन शतक जड़ने वाले कोहली पिछले दो वनडे मैचों में सस्ते में आउट हो गए थे क्योंकि न्यूजीलैंड के बाएं हाथ के स्पिनर उनकी कमजोरी को उजागर कर दिया था। इस साल जबकि विश्व कप होना है तब कब कोहली अपनी इस कमजोरी से जल्द से जल्द पार पाना चाहेंगे।

श्रेयस अय्यर की अनुपस्थिति में सूर्यकुमार से अच्छी पारियों की उम्मीद थी लेकिन टी20 में धमाल मचाने वाला यह बल्लेबाज सीरीज के पहले मैच में नाकाम रहा। हार्दिक भी मध्यक्रम में पर्याप्त योगदान नहीं दे पा रहे हैं।

भारत को इस सप्ताह के आखिर में न्यूजीलैंड के खिलाफ T20 सीरीज भी खेलनी है और इसके बाद वह अगले महीने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सीरीज खेलेगा और ऐसे में टीम प्रबंधन कुछ खिलाड़ियों को विश्राम देकर रजत पाटीदार को पदार्पण का मौका दे सकता है। पाटीदार ने घरेलू स्तर पर अपने प्रदर्शन से प्रभावित किया है।

गेंदबाजी विभाग में भी बदलाव किया जा सकता है तथा तेज गेंदबाज उमरान मलिक और लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल को टीम में रखा जा सकता है। भारतीय गेंदबाजों ने पहले वनडे में न्यूजीलैंड के छह विकेट 131 रन पर निकालने के बाद उसे 300 से अधिक रन बनाने का मौका दिया था लेकिन रायपुर में दूसरे मैच में उन्होंने अच्छा प्रदर्शन किया। मोहम्मद सिराज, मोहम्मद शमी और हार्दिक ने अभी तक अच्छा प्रदर्शन किया है जबकि स्पिनरों ने भी अपनी भूमिका अच्छी तरह से निभाई है।

न्यूजीलैंड इस मैच में जीत दर्ज करके भारत को क्लीनस्वीप करने से रोकने की पूरी कोशिश करेगा और इससे T20 सीरीज से पहले अपना मनोबल भी बढ़ाना चाहेगा। न्यूजीलैंड को बल्लेबाजी में पूर्व कप्तान केन विलियमसन की कमी खल रही है।

न्यूजीलैंड के चोटी के छह बल्लेबाजों ने पिछली 30 पारियों में केवल सात अवसरों पर 40 या इससे अधिक रन की पारी खेली है। उनके बल्लेबाजी क्रम में अभी तक केवल माइकल ब्रेसवेल ही प्रभाव छोड़ पाए हैं। उनके अलावा हैदराबाद में पहले मैच में सैंटनर ने भी अच्छी बल्लेबाजी की थी।

होलकर स्टेडियम की पिच बल्लेबाजों के लिए अनुकूल मानी जाती है और यहां गेंदबाजों को बल्लेबाजों पर अंकुश लगाने के लिए कड़ी मेहनत करनी होगी।

टीम इस प्रकार है:

भारत: रोहित शर्मा (कप्तान), शुभमन गिल, इशान किशन (विकेटकीपर), विराट कोहली, रजत पाटीदार, सूर्यकुमार यादव, केएस भरत (विकेटकीपर), हार्दिक पंड्या (उप-कप्तान), वाशिंगटन सुंदर, शाहबाज़ अहमद, शार्दुल ठाकुर, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, मोहम्मद शमी, मोहम्मद सिराज और उमरान मलिक।

न्यूजीलैंड: टॉम लैथम (कप्तान), फिन एलेन, माइकल ब्रेसवेल, मार्क चैपमैन, डेवोन कॉनवे, जैकब डफी, लॉकी फर्ग्यूसन, डेरिल मिशेल, हेनरी निकोल्स, ग्लेन फिलिप्स, मिशेल सै।टनर, हेनरी शिपले, ईश सोढ़ी और ब्लेयर टिकनर।

Editor's Pick