- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ICC Cricket World Cup 2019: England vs West Indies, 14 June, 19th Match preview
विश्व कप: मेजबान इंग्लैंड के सामने होगी खतरनाक वेस्टइंडीज की चुनौती
इयोन मोर्गन की अगुवाई वाली टीम किसी भी तरह की ढिलाई से बचना चाहेगी क्योंकि कैरेबियाई दल कुछ पल में मैच का पासा पलटने में सक्षम है।
Published On Jun 13, 2019, 04:11 PM IST
Last UpdatedJun 13, 2019, 04:11 PM IST
@England Cricket Team facebook page
आईसीसी विश्व कप में अब तक उम्मीद से बेहतर प्रदर्शन कर रही वेस्टइंडीज का सामना टूर्नामेंट जीतने की दावेदार मानी जा रही इंग्लैंड के साथ होना है। इयोन मोर्गन की अगुवाई वाली टीम किसी भी तरह की ढिलाई से बचना चाहेगी क्योंकि कैरेबियाई दल कुछ पल में मैच का पासा पलटने में सक्षम है।
इंग्लैंड को पाकिस्तान से हार मिली थी, उसके बाद उसने बांग्लादेश पर बड़ी जीत दर्ज की। दूसरी तरफ से वेस्टइंडीज ने पाकिस्तान को आसानी से शिकस्त दी लेकिन ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ बेहतर स्थिति में होने के बावजूद उसे हार मिली। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ उसका मैच बारिश की भेंट चढ़ गया था।
पढ़ें:- ‘विश्व कप में पाकिस्तान पर भारत का पलड़ा भारी, कोहली की टीम ही जीतेगी’
इन दोनों टीमों के बीच अब तक 101 वनडे खेले गए हैं उनमें 51 में इंग्लैंड और 44 में वेस्टइंडीज ने जीत दर्ज की है लेकिन पिछले दस वर्षों में खेले गए 19 मैचों में विंडीज टीम केवल तीन में जीत हासिल कर पाई है। इंग्लैंड ने इनमें से 14 मैच में जीत दर्ज की है।
इंग्लैंड की बल्लेबाजी मजबूत
इंग्लैंड का मजबूत पक्ष उसकी बल्लेबाजी है। उसके शीर्ष सात बल्लेबाज अकेले दम पर मैच का पासा पलटने का माद्दा रखते हैं। जेसन रॉय ने पिछले मैच में 153 रन बनाकर अपनी फॉर्म जाहिर की। जॉनी बेयरस्टो और जोस बटलर ने अर्धशतक जमाए। बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर ने गेंदबाजी में कमाल दिखाया। वेस्टइंडीज के पास बायें हाथ के बल्लेबाजों की अधिकता को देखते हुए तेज गेंदबाज लियाम प्लंकेट की जगह मोइन अली की प्लेइंग इलेवन में वापसी हो सकती है।
क्रिस गेल और आर्चर में दिखेगी टक्कर
आर्चर के लिए यह मैच महत्वपूर्ण होगा क्योंकि वह मूल रूप से वेस्टइंडीज से जुड़े हैं और उन्होंने इसी साल इंग्लैंड की तरफ से खेलने का हक पाया था। क्रिस गेल और आर्चर के बीच रोचक जंग देखने को मिल सकती है। यह देखना दिलचस्प होगा कि आर्चर बायें हाथ के इस बल्लेबाज या बेहतरीन फॉर्म में चल रहे शाई होप और विस्फोटक आंद्रे रसेल पर कैसे अंकुश लगाते हैं।
पढ़ें:- बारिश बनी विलेन !! कैसे मिलेगा चैंपियन अगर धुल गया फाइनल
वेस्टइंडीज की चिंता बल्लेबाजों को लेकर है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ उसके गेंदबाजों ने अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन बल्लेबाज अपेक्षित खेल नहीं दिखा पाए। होप के अलावा कप्तान जेसन होल्डर ने भी अर्धशतक जमाया लेकिन फिर टीम 15 रन से हार गई। वेस्टइंडीज को अगर इंग्लैंड को चुनौती देनी है तो गेल, शिमरोन हेटमेयर और निकोलस पूरण जैसे बल्लेबाजों को भी अच्छा प्रदर्शन करना होगा।
टीमें इस प्रकार है :
इंग्लैंड:
इयोन मोर्गन (कप्तान), मोइन अली, जोफ्रा आर्चर, जॉनी बेयरस्टो, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम कुर्रन, लियाम डॉसन, लियाम प्लंकेट, आदिल राशिद, जो रूट, जेसन रॉय, बेन स्टोक्स, जेम्स विंस, क्रिस वोक्स, मार्क वुड।
वेस्टइंडीज:
जेसन होल्डर (कप्तान), फैबियन एलेन, डेरेन ब्रावो, शैनन गेब्रियल, शिमरोन हेटमायर, एविन लुईस, निकोलस पूरण, आंद्रे रसेल, कार्लोस ब्रैथवेट, शेल्डर कॉटरेल, क्रिस गेल, शाई होप, एशले नर्स, केमर रोच, ओसाने थॉमस में से।
मैच भारतीय समयानुसार दोपहर बाद तीन बजे से शुरू होगा।