कोहली ने कहा, उम्मीद करते हैं इंग्लैंड में हम इतिहास दोहरायेंगे
इंग्लैंड में भारतीय टीम 36 साल बाद फिर से विश्व कप जीतकर इतिहास दोहरा सकती है।
Published On Jun 09, 2019, 07:11 PM IST
Last UpdatedJun 09, 2019, 07:11 PM IST
VIRAT KOHLI
भारतीय क्रिकेट टीम के कप्तान विराट कोहली ने उम्मीद जताई कि टीम इंग्लैंड में 36 साल बाद फिर से विश्व कप जीतकर इतिहास दोहरा सकती है। भारतीय टीम ने इंग्लैंड में 1983 में पहला विश्व कप खिताब हासिल किया था।
भारतीय टीम ने कपिल देव की कप्तानी में पहली बार आईसीसी विश्व कप का खिताब जीता था। इंग्लैंड के लॉर्ड्स में खेले गए फाइनल में भारत ने दो बार की विश्व विजेता वेस्टइंडीज को हराया था।
पढ़ें:- जीत के साथ वर्ल्ड कप मिशन की शुरुआत करना अहम: विराट कोहली
भारत की उच्चायुक्त रूचि घनश्याम द्वारा भारतीय टीम के सम्मान में दिए गए भोज में कोहली ने प्रवासी भारतीयों से कहा कि ऐसा हो सकता है। कोहली ने आईसीसी विश्व कप मैचों में प्रवासी भारतीयों के सहयोग का जिक्र करते हुए कहा, ‘‘हम लोगों के प्यार और लगाव को महसूस कर सकते हैं। हम पूरी उम्मीद कर रहे हैं कि इस अभियान में पूरे समय हमें आप सभी का समर्थन मिलेगा। ’’
भारतीय क्रिकेट टीम के स्वागत के लिये आयोजित इस कार्यक्रम में भारतीय मूल के वरिष्ठ सांसद और व्यवसायी मौजूद थे। ब्रिटेन के विदेश विभाग से जुड़े मंत्री मार्क फील्ड और लार्ड तारिक अहमद भी इस कार्यक्रम में पहुंचे।
पढ़ें:- ICC ने ठुकराई गेल के ‘यूनिवर्स बॉस’ लोगो के इस्तेमाल का अनुरोध
घनश्याम ने शुक्रवार रात को अपने लंदन निवास में भारतीय टीम के स्वागत संदेश में कहा, ‘‘1983 में ब्रिटेन में हमने पहला विश्व कप जीता था। मुझे लगता है कि हम सभी उम्मीद कर रहे हैं कि इतिहास दोहरायेगा। ’’
भारतीय टीम ने अब तक दो बार विश्व कप का खिताब जीत है। साल 2011 में महेद्र सिंह धोनी की कप्तानी में भारत ने मुंबई में फाइनल में श्रीलंका को हराया था। विश्व कप का खिताब सबसे ज्यादा 5 बार ऑस्ट्रेलिया ने जीता है। भारत और वेस्टइंडीज दो बार विश्व चैंपियन बनीं हैं। पाकिस्तान और श्रीलंका ने इसे एक-एक बार जीता है।