विश्‍व कप: स्‍टार्क के 'पंच' और कूल्‍टर नाइल की पारी से जीता ऑस्‍ट्रेलिया

12वें क्रिकेट वर्ल्‍ड कप के 10वें मैच में वेस्‍टइंडीज को 15 रन से हराकर दर्ज की लगातार दूसरी जीत

Edited By : Cricket Country Staff |Jun 06, 2019, 11:13 PM IST

Published On Jun 06, 2019, 11:13 PM IST

Last UpdatedJun 06, 2019, 11:13 PM IST

Australian Team@afp

निचले क्रम के बल्‍लेबाज नेथन कूल्‍टर नाइल के करियर के पहले अर्धशतक और पूर्व कप्‍तान स्‍टीव स्मिथ के 73  रन के बाद तेज गेंदबाज मिशेल स्‍टार्क की घातक गेंदबाजी की बदौलत मौजूदा चैंपियन ऑस्‍ट्रेलिया ने वेस्‍टइंडीज को 15 रन से हराकर 12वें क्रिकेट वर्ल्‍ड कप में अपनी लगाातर दूसरी जीत दर्ज की।

पढ़ें: रिचर्ड्स को पछाड़ क्रिस गेल ने World Cup में बनाया नया कीर्तिमान

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

ऑस्‍ट्रेलिया ने पहले मैच में  अफगानिस्‍तान को 7 विकेट से पराजित किया था। ऑस्‍ट्रेलिया की ओर से रखे गए 289 रन के लक्ष्‍य का पीछा करने उतरी विंडीज टीम 9 विकेट पर 273 रन ही बना सकी। उसकी ओर से शाई होप ने सबसे अधिक 68 रन की पारी खेली जबकि कप्‍तान जेसन होल्‍डर ने 57 गेंदों पर 51 रन बनाए।

विंडीज की शुरुआत अच्‍छी नहीं रही। 5वें ओवर तक उसके दोनों ओपनर इविन लुइस और क्रिस गेल पवेलियन लौट चुके थे। लुइस को पैट कमिंस ने स्‍टीव स्मिथ के हाथों कैच कराकर विंडीज को शुरुआती झटका दिया।

लुइस पांच गेंदों पर एक रन बनाकर आउट हुए। सात रन पर पहला विकेट गिरने के बाद विंडीज को गेल से उम्‍मीदें थीं लेकिन वो भी कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके। स्‍टार्क ने गेल को एलबीडब्‍ल्‍यू आउट कर विंडीज को दूसरा झटका दिया। गेल ने 17 गेंदों पर 4 चौकों की मदद से 21 रन बनाए।

पढ़ें: इंग्‍लैंड के बाद पाकिस्‍तान के सामने अब श्रीलंका की चुनौती

इसके बाद शाई होप और निकोलस पूरन ने पारी को संभालने की कोशिश की। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 68 रन की साझेदारी की। अच्‍छी लय में दिख रहे पूरन को युवा लेग स्पिनर एडम जाम्‍पा ने अपनी फिरकी में फंसाया। जाम्‍पा की गेंद पर बड़े शॉट खेलने के प्रयास में पूरन एरोन फिंच को कैच थमाकर चलते बने। उन्‍होंने 36 गेंदों पर 40 रन बनाए।

पूरन के आउट होने के बाद होप को शिमरोन हेटमेयर का साथ मिला। दोनों ने 50 रन की साझेदारी कर कुल स्‍कोर को 149 रन तक पहुंचाया। रनआउट होने से पहले हेटमेयर ने 28 गेंदों पर 21 रन की पारी खेली।

होप 105 गेंदों पर 68 रन बनाकर आउट हुए। उन्‍हें कमिंस ने उस्‍मान ख्‍वाजा के हाथों लपकवाया। आंद्रे रसेल ने 11 गेंदों पर 15 जबकि कार्लोस ब्रेथवेट ने 17 गेंद पर 16 रन बनाए। कप्‍तान जेसन होल्‍डर ने 57 गेंदों पर 51 रन की पारी खेली। उन्‍होंने 7 चौके और एक छक्‍का लगाया।

ऑस्‍ट्रेलिया की ओर से स्‍टार्क ने सबसे अधिक 5 जबकि कमिंस ने दो जबकि जाम्‍पा ने एक विकेट लिया।

ऑस्‍ट्रेलिया ने कूल्‍टर नाइल के 92 रन के दम पर 288 रन बनाए थे

इससे पहले विंडीज ने टॉस जीतकर ऑस्‍ट्रेलिया को बल्‍लेबाजी के लिए आमंत्रित किया था। ऑस्‍ट्रेलिया ने कूल्‍टर नाइल के 92 और स्मिथ के साथ उनकी शतकीय साझेदारी से बेहद खराब शुरुआत से उबरते हुए 49 ओवर में 288 रन बनाए।

8वें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे कूल्‍टर नाइल ने 60 गेंद में 8 चौके और 4 छक्‍के लगाए। उन्‍होंने स्मिथ के साथ 7वें विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की। स्मिथ ने एलेक्स कैरी (45) के साथ भी छठे विकेट के लिए उस समय 68 रन जोड़े जब टीम 79 रन पर पांच विकेट गंवाकर संकट में थी।

कूल्‍टर नाइल की यह पारी वर्ल्‍ड कप इतिहास में में सातवें नंबर के बाद बल्लेबाजी करते किसी बल्लेबाज का सर्वश्रेष्ठ स्कोर है।

वेस्टइंडीज की ओर से ब्रेथवेट सबसे सफल गेंदबाज रहे जिन्होंने 67 रन देकर तीन विकेट चटकाए जबकि रसेल (41/2), शेल्डन कोट्रेल (56/2) और थॉमस (63/2) ने दो-दो विकेट चटकाए।

Editor's Pick