- क्रिकेट न्यूज़
- News
- ICC launches first ever umpire education course
ICC की बड़ी पहल, अंपायरों के लिए लॉन्च किया खास कोर्स
ICC ने अपने अंपायरों के लिए शिक्षा पाठ्यक्रम की शुरुआत की जिसे आईसीसी अंपायर फाउंडेशन सर्टिफिकेट नाम दिया गया है.
Published On Jul 24, 2023, 06:16 PM IST
Last UpdatedJul 24, 2023, 06:16 PM IST
pic credit ICC
दुबई। अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) ने सोमवार को अपने अंपायरों के लिए शिक्षा पाठ्यक्रम की शुरुआत की जिसे आईसीसी अंपायर फाउंडेशन सर्टिफिकेट नाम दिया गया है. यह एंट्री लेवल का पाठ्यक्रम है जिसमें अंपायरिंग के बुनियादी पहलुओं पर ध्यान दिया जाएगा जिससे कि नए अंपायर क्लब लेवल के मुकाबलों में ऑफशियल की भूमिका निभाने से पहले खेल के बारे में जानकारी हासिल कर सकें.
मुफ्त होगा कोर्स
यह कोर्स ऑनलाइन और मुफ्त होगा. यह आईसीसी के प्रशिक्षण और शिक्षा कार्यक्रम का हिस्सा है जबकि आईसीसी कोचिंग पाठ्यक्रम लेवल दो सहित आगे के पाठ्यक्रम इस साल शुरू होंगे.
इस नए पाठ्यक्रम पर बोलते हुए, आईसीसी के विलियम ग्लेनराइट (जनरल मैनेजर -डेवलेपमेंट) ने कहा, “आईसीसी अंपायर फाउंडेशन सर्टिफिकेट का जारी होना खेल के विकास में एक ऐतिहासिक क्षण को बताता है। पहले से कहीं अधिक शिक्षा पाठ्यक्रमों तक बेहतर पहुंच के साथ, आईसीसी दुनिया भर के प्रतिभागियों के लिए खेल के अनुभव को बेहतर बनाने के लिए अपनी प्रतिबद्धता जारी रखे हुए है.”
ICC का मकसद स्थानीय अंपायरों को ट्रेनिंग देना
उन्होंने कहा, “यह पाठ्यक्रम उन अन्य संसाधनों का पूरक है जो हमने पिछले दो वर्षों में सदस्य देशों में कोचों, अंपायरों और क्यूरेटरों के बेहतर मानक के लिए लॉन्च किए हैं.” विलियम ने कहा, “मास्टर एजुकेटर्स के ग्लोबल वर्कफोर्स को प्रशिक्षित करके, हम यह सुनिश्चित करना चाहते हैं कि प्रत्येक आईसीसी सदस्य के पास स्थानीय वर्कफोर्स को ट्रेनिंग देने के लिए आवश्यक संसाधन और टूल्स हों ताकि वे जरूरत पड़ने पर आईसीसी प्रशिक्षण और शिक्षा कार्यक्रम के विभिन्न तत्वों को वितरित कर सकें.”